Most Famous Bollywood Singer: पंजाब के एक छोटे से गांव में जन्मे मोहम्मद रफी का सफर किसी कहानी से कम नहीं है. बताया जाता है कि एक बार गांव में आए एक फकीर की आवाज ने एक छोटे बच्चे के दिल में संगीत के लिए ऐसी आग जला दी, जो जिंदगी भर नहीं बुझी. रफी साहब उस फकीर की भजनों भरी आवाज से इतने प्रभावित हुए कि उसके पीछे-पीछे चल पड़ते और उसकी नकल करने लगे. यहीं से उनके जीवन में संगीत ने जगह बनाई.
एक सिंपल से परिवार से आने वाले रफी साहब को शुरुआत में काफी विरोध भी झेलना पड़ा. रफी साहब के परिवार का मानना था कि गाना-बजाना सही नहीं है, लेकिन उनकी लगन और सच्ची मेहनत ने सबको बदल दिया. धीरे-धीरे वही परिवार उनके सबसे बड़े सपोर्टर बन गए. इसके बाद जो सफर शुरू हुआ, उसने भारतीय सिनेमा को एक बेहद अनमोल आवाज दी. मोहम्मद रफी ने अपने करियर में करीब 26 हजार गाने गाए. आज भी उनके गानों को खूब सुना और पसंद किया जाता है.

हर भाषा में गाए 26000 गाने
खास बात ये है कि उन्होंने हिंदी के अलावा पंजाबी, बंगाली, मराठी, गुजराती, तेलुगु, कन्नड़ और असमिया जैसी कई भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा. रफी साहब की खासियत थी कि वे हर तरह के गाने उतनी ही शिद्दत से गाते थे. रोमांटिक गाने हो, दर्द भरे नगमे, देशभक्ति के गाने या फिर भक्ति भाव से भरे भजन, उनकी आवाज हर भावना में जान डाल देती थी. 24 दिसंबर को जन्मे रफी साहब सिर्फ सिंगर नहीं थे, बल्कि हर किसी के दिल में बसे इमोशनल की आवाज थे.
2 दिन पहले आया वो धांसू कॉमेडी शो, जिसके 2 एपिसोड ने मचाई खलबली, देखते ही बेसब्री से करेंगे तीसरे एपिसोड का इंतजार, IMDb रेटिंग भी है 8.6
शानो-शोहरत होते हुए भी सादगी से रहते थे रफी साहब
उनकी गायकी में ऐसी मिठास थी कि सुनने वाला खुद को उनके गानों और आवाज से जुड़ा महसूस करता था. यही वजह है कि आज भी उनके गाने उतने ही ताजा लगते हैं. रफी साहब का दिलीप कुमार के साथ गहरा रिश्ता था. दिलीप साहब मानते थे कि रफी उनकी ही आवाज हैं. उन्होंने कहा था कि बहुत से अच्छे गायक हुए हैं, लेकिन रफी की बात अलग थी. वो सीन और किरदार के हिसाब से बिल्कुल सही गाते थे. इतनी बड़ी शोहरत के बावजूद रफी साहब बेहद सादगी से रहते थे.
सायरा बानो के लिए वे बड़े भाई जैसे थे रफी साहब
एक्ट्रेस सायरा बानो के लिए वे बड़े भाई जैसे थे. सेट पर वे हमेशा सबको हौसला देते और मुस्कुराकर बात करते थे. फिल्म ‘अमन’ के एक गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान सायरा बानो पहली बार गा रही थीं और काफी घबराई हुई थीं. उन्होंने बाद में बताया कि रफी साहब ने माइक पर खड़े होकर उनसे कहा, ‘सायरा जी, आप बहुत अच्छा गा रही हैं, घबराइए मत’. उनकी इस बात ने सायरा बानो का डर दूर कर दिया. ये फिल्म 1967 में रिलीज हुई थी और इसके गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं.
आज भी खूब सुनते हैं लोग उनके गाने
कहा जाता है कि अपनी मौत से कुछ घंटे पहले तक मोहम्मद रफी गाने रिकॉर्ड कर रहे थे. 31 जुलाई, 1980 को दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 55 साल थी. उनके निधन की खबर से पूरा फिल्म जगत सदमे में आ गया. हजारों लोग बारिश में भीगते हुए उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे. रमजान के पाक महीने में दुनिया से विदा हुए रफी साहब की आवाज आज भी करोड़ों दिलों में जिंदा है. आज भी उनके गाने ‘चौदहवीं का चांद हो’, ‘ये रेशमी जुल्फें’, ‘आजा तुझको पुकारे’, ‘क्या हुआ तेरा वादा’, ‘जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा’, ‘ओ दुनिया के रखवाले’, ‘लिखे जो खत तुझे’, ‘तेरे मेरे सपने अब एक रंग हैं’ और ‘बहारों फूल बरसाओ’ आज भी लोग खूब सुनते हैं.
