
फिल्म इंडस्ट्री हो या टीवी दोनों में ऐसे कई सेलेब्स हैं, जिन्होंने एक या दो बार से ज्यादा शादी की है. हालांकि आज हम एक ऐसे कपल के बारे में बात कर रहे हैं, जो काफी लंबे समय से एक खूबसूरत रिश्ते में बंधा हुआ है. हालांकि इस कपल ने तीन बार शादी की है और उनकी दो ब्यूटिफुल बेटियां भी हैं. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि कपल एक बार फिर यानी चौथी बार शादी रचाने वाला हैं. चलिए आपको इस कपल के बारे में बताते हैं जो चौथी बार शादी करने वाले हैं और इनकी बेटियां बाराती बनेगी.
टीवी इंडस्ट्री का फेमस कपल देबिना और गुरमीत
दरअसल, हम जिस कपल की बात कर रहे हैं वह कोई और नहीं बल्कि देबिना बनर्जी और गुरमीत चौधरी है. दोनों एक बार फिर से शादी करने की प्लानिंग कर रहे हैं. हाल ही में कपल एल्विश यादव के पॉडकास्ट में पहुंचे थे. जहां दोनों ने अपनी शादी को लेकर मजेदार बातें की. एल्विश के साथ बात करते हुए कपल ने एक बार फिर से शादी करने की इच्छा जाहिर की. इससे पहले भी दोनों ने तीन बार शादी की है.
‘अब हमारी चौथी शादी में बच्चे भी होंगे’
इस बीच एल्विश यादव ने पूछा कि क्या उनके बच्चों ने उनकी कोई शादी देखी है. इस पर देबिना बनर्जी ने हंसते हुए कहा कि चलो अच्छा है अब हमारी चौथी शादी में बच्चे भी होंगे. एक्ट्रेस ने इस बार व्हाइट वेडिंग करने की इच्छा जाहिर की है, यानी क्रिश्चन वेडिंग जो लॉस एंजिल्स में हो सकती है.
साल 2006 में की थी पहली शादी
बता दें कि देबिना बनर्जी और गुरमीत चौधरी ने साल 2006 में पहली बार शादी की थी. दोनों ने उस वक्त गुपचुप तरीके से शादी रचाई थी. जिसमें परिवार का भी कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ था. इसके बाद कपल ने दूसरी बार साल 2011 में और तीसरी बार साल 2021 में शादी की थी. इस बीच देबिना ने बताया कि ‘उन्होंने तीन बार शादी की है, लेकिन धूमधाम से कोई नहीं की.’ इस बात को सुन गुरमीत हैरान रह गए और कहा कि कितनी बार शादी करोगी. एक ही बार में खर्चा कर लेते हैं. एक्ट्रेस की बातों से साफ जाहिर हुआ कि वह इस बार एक ग्रैंड वेडिंग के मूड में हैं.
इस टीवी शो से शुरू हुई लव स्टोरी
आपको बताते चलें कि गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी की लव स्टोरी की शुरुआत फेमस टीवी शो रामायण से हुई थी. इस शो के दौरान से ही दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था. इसके बाद उन्होंने गुपचुप तरीके से शादी की. अब कपल खुशी-खुशी अपनी जिंदगी बिता रहा है. कपल दो बेटियों के पेरेंट्स हैं. एक बेटी का नाम लियाना और दूसरी का नाम दिविशा है.
