
साल 2003 में ‘जानशीन’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री सेलिना जेटली फिल्मी पर्दे से दूर हैं. एक्ट्रेस सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से कनेक्ट रहती हैं. एक्टिंग से दूर सेलिना सोशल मीडिया पर अपनी मधुर आवाज से फैंस को हैरान करती रहती हैं.उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है और बताया कि उनके पति ने 15वीं वेडिंग एनिवर्सरी पर गिफ्ट के रूप में उन्हें तलाक के पेपर्स दिए हैं. साथ ही उन्होंने अपने साथ हुए कथित बुरे बर्काव, बच्चों से अलग होने और कानूनी लड़ाई के बारे में बात की है. एक्ट्रेस ने बताया कि 11 अक्टूबर 2025 को उन्होंने अपने पड़ोसियों की सहायता से रात 1 बजे वो देश छोड़ दिया था. क्योंकि वह कथित शोषण और दुर्व्यवहार से छुटकारा पाना चाहती थीं. इसलिए वह मजबूरन भारत आईं.
सेलिना जेटली ने शेयर किया पोस्ट
उन्होंने लिखा, ‘मेरे बच्चों को मुझसे मिलने से बार-बार रोका गया है. उन्हें डराया और धमकाया गया और मेरे खिलाफ बातें कहलवाई गई हैं. सितंबर की शुरुआत में, मेरे पति ने मुझे तलाक का नोटिस दिया.’ पूर्व एक्ट्रेस ने आगे बताया कि उनके पति उन्हें कार से लेकर पास के डाकघर गए थे और कहा था कि वह एनिवर्सरी गिफ्ट लेने जा रहे हैं.
सेलिना ने कहा कि वह शांति से और अच्छे से इस रिश्ते से अलग होना चाहती थीं और इसकी मांग भी कई बार की. क्योंकि वह बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं चाहती थीं. लेकिन इसके बावजूद उनके सामने बेहूदी शर्तें रखी गईं, जिसका मकसद सिर्फ उनकी आजादी और गरिमा को छीनना था. उन्होंने बताया कि उन्हें रातों-रात एक मां और गार्जियन होने के रोल को सही ठहराने के लिए मजबूर किया गया. जबकि उन्होंने हमेशा बच्चों की देखभाल की. ‘एक ही पल में मेरी पूरी दुनिया मुझसे छीन ली गई.’
2001 में जीता था फेमिना मिस इंडिया का ख़िताब
बता दें कि 2001 सेलिना जेटली के लिए किस्मत बदलने वाला साल था, क्योंकि इसी साल उन्होंने 2001 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता था, जिसके बाद वे इसी साल 2001 में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में चौथी रनर-अप रहीं. साल 2003 में उन्हें पहली फिल्म ‘जानशीन’ मिली, जिसमें वे एक्टर फरदीन खान के साथ दिखीं, लेकिन बहुत कम लोग ही ये बात जानते हैं कि एक्ट्रेस को अपनी फिल्मों के लिए कभी भी स्क्रीन टेस्ट नहीं देना पड़ा था. उन्हें फिल्में उनके फेमिना मिस इंडिया के बाद मिली लोकप्रियता और उनकी खूबसूरती के आधार पर दी गई थीं.
सेलिना ने कभी भी एक्टिंग की पेशेवर तरीके से ट्रेनिंग नहीं ली थी. उनका मानना था कि एक्टिंग ऐसी चीज है जिसे सिखाया नहीं जा सकता है, ये अंदर से आती है. एक्टिंग में हाथ आजमाने से पहले वे भी आर्मी में जाने का सपना देखती थीं, लेकिन उस वक्त महिलाओं को सिर्फ डॉक्टरी के जरिए ही आर्मी का हिस्सा बनने की अनुमति थी. इसलिए एक्ट्रेस ने डॉक्टर बनने के लिए पीएमटी एग्जामिनेशन भी दिया था और एमबीबीएस की पढ़ाई भी शुरू कर दी थी, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं कर पाई.
अपने करियर में सेलिना जेटली साल 2003 में फिल्म ‘खेल,’ 2005 में आई कॉमेडी फिल्म ‘नो एंट्री,’ 2006 में आई ‘अपना सपना मनी मनी,’ 2008 में आई ‘गोलमाल रिटर्न्स,’ 2011 में आई ‘थैंक यू,’ और 2012 में आई ‘विल यू मैरी मी’ में नजर आई थीं. साल 2011 में ही एक्ट्रेस ने ऑस्ट्रियाई उद्यमी और होटल व्यवसायी पीटर हाग से शादी की थी और एक साल बाद दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया.
