News in Brief

Dhurandhar Actor Danish Pandor: आदित्य धर की स्पाई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ में गैंगस्टर उजैर बलोच का किरदार निभाने वाले एक्टर दानिश पंडोर ने हाल ही में ऋतिक रोशन के उस बयान पर अपना रिएक्शन दिया, जिसमें एक्टर ने फिल्म के राजनीतिक पहलुओं को लेकर अपना डिस्कंफर्ट जाहिर किया था. दानिश ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि सिनेमा को लेकर हर इंसान की सोच अलग होती है. किसी को कोई बात सही लगती है, तो किसी को नहीं. अब उनका बयान तेजी से वायरल हो रहा है, जो सभी को पसंद आ रहा है. 

दानिश पंडोर के मुताबिक ‘धुरंधर’ किसी को उकसाने के इरादे से नहीं, बल्कि गहरी रिसर्च के आधार पर बनाई गई फिल्म है. अपने हालिया इंटरव्यू में दानिश ने कहा कि राजनीति से जुड़ी फिल्में हमेशा चर्चा और बहस का विषय बनती हैं. उन्होंने कहा, ‘ये बहुत सब्जेक्टिव होता है. कुछ चीजें आपको पसंद आएंगी, कुछ मुझे’. राजनीतिक एंगल पर बात करते हुए दानिश ने कहा कि फिल्म में इतिहास के साथ किसी तरह की गैर-जिम्मेदाराना छेड़छाड़ नहीं की गई है. जो भी दिखाया गया है, वो फैक्ट्स और रिसर्च पर आधारित है, न कि कल्पना पर. 

‘26/11 हुआ, आप इसे नजरअंदाज’ – दानिश

दानिश ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों को लेकर फिल्म में दिखाए गए सीन्स पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘अगर आप 26/11 को देखें, तो उसे नकारा नहीं जा सकता. वो सच में हुआ था’. उन्होंने बताया कि फिल्म में आतंकियों और उनके हैंडलर्स की असली वॉइस नोट्स का इस्तेमाल किया गया है, जो सीधे दिल को छू जाती हैं. दानिश के मुताबिक, ये सीन रोंगटे खड़े कर देते हैं और एक आम इंसान के तौर पर अंदर तक तोड़ देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि फिल्म सिर्फ घटनाओं को नहीं, बल्कि उस बेबसी को भी दिखाती है, जो उस वक्त लोगों ने महसूस की थी. 

900 करोड़ी फिल्म देने वाले डायरेक्टर, ‘धुरंधर’ के हुए कायल, बांधे तारीफों के पुल, बोले- ‘अनकही कुर्बानियों की परफेक्ट कहानी…’

फिल्म का वो सीन जिसने दर्शकों झकझोर दिया 

उन्होंने कहा, ‘अंदर इतने सारे बंधक थे, लेकिन मीडिया के जरिए हम ये नहीं समझ पाए कि वो लोग किस हालात से गुजर रहे थे’. दानिश के मुताबिक, फिल्म का मकसद यही एहसास कराना है कि उस दौर में वहां मौजूद लोगों पर क्या बीत रही थी. यही वजह है कि ये सीन दर्शकों को इमोशनली झकझोर देते हैं. दानिश ने बताया कि फिल्म में इस्तेमाल की गई एक खास वॉइस नोट दर्शकों को तुरंत उस माहौल से जोड़ देती है. उन्होंने कहा, ‘आप सोचने लगते हैं कि अगर आप उस वक्त वहां होते तो क्या होता’. साथ ही उन्होंने रणवीर सिंह की भी खूब तारीफ की. 

रणवीर सिंह की जमकर की तारीफ

‘धुरंधर’ फिल्म में रणवीर सिंह ने हमजा नाम के एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया है, जो कराची में अंडरकवर काम कर रहा होता है. एक सीन में हमजा को 26/11 की सच्चाई का एहसास होता है, जो फिल्म का बेहद अहम पल है. दानिश ने उस सीन को याद करते हुए कहा कि रणवीर की परफॉर्मेंस देखकर वो खुद इमोशनल हो गए थे. उन्होंने बताया, ‘शॉट खत्म होते ही मैंने उसे गले लगा लिया’. दानिश के मुताबिक, रणवीर ने बिना कुछ बोले अपनी आंखों से गिल्ट फीलिंग, बेबसी और टूटन को दिखाया. उन्होंने कहा, ‘ऐसा लग रहा था जैसे वो सोच रहा हो कि काश इसे रोका जा सकता’. 

मिडिल ईस्ट देशों में बैन को लेकर क्या बोले एक्टर? 

दानिश ने रणवीर को एक बेहदसेफ और सेल्फलेस एक्टर बताया. फिल्म की रिलीज को लेकर दानिश ने मिडिल ईस्ट देशों में न दिखाए जाने की खबरों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें इसके पीछे की वजह नहीं पता, लेकिन उनका मानना है कि फिल्म को वहां भी रिलीज होना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘अगर वहां रिलीज होती, तो और बड़ी होती’. वहीं, अगर कमाई की बात करें तो ‘धुरंधर’ ने 17 दिनों में भारत में 516.5 करोड़ रुपये कमा लिए हैं, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन 751.98 करोड़ तक पहुंच चुका है और जल्द ही 800 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है.