आदित्य धर की ‘धुरंधर’ इस साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी और जब से सिनेमाघरों में फिल्म आई है, तब से ये सोशल मीडिया और बॉक्स ऑफिस पर ट्रेंड कर रही है. वहीं ‘धुरंधर’ की दमदार स्टारकास्ट की भी जमकर बात हो रही है. मगर इन सब के बीच फिल्म अब तक कई बार कॉन्ट्रोवर्सी का हिस्सा रह चुकी है और अब फिर से एक नया विवाद इंटरनेट पर देखने को मिल रहा है. दरअसल फिल्म का गाना ‘शरारत’ काफी हिट हुआ है, गाने में दो टीवी एक्ट्रेस आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा ने कमाल कर दिया है. लेकिन हाल ही में गाने के कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि इस गाने के लिए उनकी पहली पसंद तमन्ना थीं .मगर डायरेक्टर आदित्य धर ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया था और दो अलग एक्ट्रेस को चुना. विजय की इस बात से इंटरनेट पर बवाल मच गया है.
तमन्ना की स्टार पावर का फिल्म पर पड़ता असर
विजय गांगुली के इस स्टेटमेंट के बाद सोशल मीडिया पर मौजूद तमन्ना के फैंस के बीच हलचल देखने को मिली है, जिसके चलते कोरियोग्राफर को सफाई देनी पड़ी. उन्होंने अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘तमन्ना भाटिया को कभी भी इस गाने के लिए नहीं चुना गया क्योंकि उनकी स्टार पावर इतनी ज्यादा है कि गाने को बनाने के पीछे की सोच पर हावी हो जाता. ‘धुरंधर’ में गाने को एक ऐसे समय पर दिखाया गया है जब सीन में इंटेंसिटी जरूरी है. मेकर्स ने स्टोरी को आगे बढ़ते हुए दो कलाकारों को चुना और ये डिसीजन फिल्म के माहौल को बनाए रखने और ये ध्यान रखते हुए लिया गया कि कहानी पर ज्यादा फोकस रहे.’
दो कलाकारों की तुलना करना सही नहीं
विजय ने आगे बताया कि ‘मुझे सिनेमा और फिल्म मेकिंग पर बात करना अच्छा लगता है हालांकि मैंने खुद को इस तरह के बातों को करने से रोका है. क्योंकि कई बार शब्दों को चुन-चुनकर इस्तेमाल किया जाता है और कई बार लोग गलत तरह से उसे दिखाते हैं सनसनीखेज कहानी बनाकर लाइमलाइट बटोरते हैं’ कोरियोग्राफर ने आगे कहा, ‘यह बहुत ही गलत है कि शरारत गाने और उसके पीछे की सोच पर ध्यान देने के बजाय, ध्यान दो कमाल की कलाकारों की तुलना पर चला गया है, और ‘रिजेक्शन’ जैसे कठोर और गंभीर शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है जो शेयर की गई भावना के बिल्कुल अलग है.’
सॉन्ग ‘शरारत’ से दो एक्ट्रेस ने किया कमाल
‘धुरंधर’ के इस गाने में टीवी के दो कमाल की कलाकार आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा ने समां बांध दिया, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया. वहीं शरारत गाना रिलीज होते ही हिट हो गया. रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुंरधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर 555 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कल तक कर लिया था, तो वहीं वर्ल्डवाइड 800 पार कर चुकी है.
