
Border 2 Ghar Kab Aaoge Song Launch: सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म बॉर्डर 2 के गाने घर कब आओगे का वीडियो लॉन्च जैसलमेर में हुआ. इस दौरान दिलजीत दोसांझ को छोड़ सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी सहित पूरी स्टारकास्ट के अलावा बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवान और कई नामचीन हस्तियां भी शामिल रहीं. गाने के वीडियो को लॉन्च किया गया, इसका ऑडियो शुक्रवार सुबह रिलीज कर दिया गया था. इस दौरान सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी ने जीप से सभी लोगों का अभिवादन करते हुए इवेंट में एंट्री की. सनी देओल इवेंट पर काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि फिलहाल वो कुछ ज्यादा कह नहीं पा रहे हैं.
पिता धर्मेंद्र को सनी ने किया याद
सनी देओल ने कहा, ‘मैं जहां भी जाता हूं, मुझे अंदाजा नहीं था कि हम इतने सारे युवाओं को इतना कॉन्फिडेंस देंगे कि फ़िल्म देखने के बाद वे फ़ौज जॉइन करने का फैसला करेंगे. कई लोग मुझसे कहते हैं. इसी वजह से मैं आपके साथ हूं और आपका परिवार ही मेरा परिवार है. मेरा दिमाग अभी हिल गया है, इसलिए ज्यादा कुछ कह नहीं पा रहा हूं. पापा की फिल्म हकीकत देखकर ही मैंने फिल्में देखने का इरादा किया था.
ये भी पढ़ें: बॉर्डर-2 का गाना ‘घर कब आओगे’ हुआ रिलीज, 10 मिनट 32 सेकेंड का सॉन्ग सुन रो पड़े फैंस; 28 साल भी वही जलवा बरकरार
वरुण धवन ने कही ये बात
मंच पर पहुंचते ही वरुण धवन ने कहा, बचपन में मैंने बॉर्डर देखी थी और मेरे दिल में एक ख्वाहिश पैदा हुई थी कि मैं आर्म्ड फोर्सेस का किरदार निभाऊं. उस वक्त उस फिल्म ने मेरे भीतर एक जज्बा जगा दिया था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि बॉर्डर 2 बनेगी और मैं इस फिल्म के गाने का हिस्सा बनूंगा. हमारा देश शांति का प्रतीक है, लेकिन ऐसी फिल्में जरूरी हैं ताकि हम यह बता सकें कि अगर कोई हमारी धरती पर नजर उठाएगा तो हम जवाब देना जानते हैं. अगर हम दूसरे देश को आजादी दिला सकते हैं तो अपनी आजादी के लिए लड़ना भी हमें आता है. इस बार बॉर्डर में घुसेंगे नहीं, इस बार बॉर्डर बदल देंगे.’
अहान शेट्टी बोले- पापा की विरासत आगे बढ़ा रहा हूं
इवेंट के दौरान सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी ने कहा, ‘बॉर्डर की शुरुआत यहीं से हुई थी और यह एक अद्भुत एहसास है. यह गाना सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि देश के लिए एक भावना है. जब मुझे यह फिल्म ऑफर की गई, तो मैं समझ ही नहीं पाया कि क्या कहूं. मेरे पापा पहली बॉर्डर फिल्म का हिस्सा थे और अब मैं उसी विरासत को आगे लेकर चल रहा हूं.’
ये भी पढ़ें: साल के पहले वीकेंड OTT पर होगा धमाल, कोर्टरूम ड्रामा से लेकर एक्शन और रोमांस तक, घर बैठकर देख सकेंगे ये फिल्में और सीरीज
जीप से इवेंट में पहुंची स्टारकास्ट
इस इवेंट में फिल्म की स्टार कास्ट सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी ने जीप से एंट्री की. जीप से चक्कर लगाते हुए स्टार कास्ट वहां मौजूद सभी जवानों और लोगों का अभिवादन करते हुए नजर आई.
