
)
Dhurandhar Actor Naveen Kaushik: आदित्य धर की स्पाई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर इन दिनों हर तरफ तारीफों की बाढ़ आ गई है. सोशल मीडिया से लेकर सिनेमाघरों तक फिल्म की जबरदस्त तारीफ हो रही है. खास तौर पर अक्षय खन्ना के किरदार ‘रहमान डकैत’ को लेकर फैंस लगातार बातें कर रहे हैं. इसी बीच फिल्म की सक्सेस के साथ-साथ एक नई बहस ने भी जन्म ले लिया है. जहां फिल्म में नजर आने वाले एक एक्टर का इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, फिल्म में ‘डोंगा’ का किरदार निभाने वाले एक्टर नवीन कौशिक का मानना है कि इस पूरी चर्चा में रणवीर सिंह को वो पहचान नहीं मिली, जिसके वे हकदार थे. नवीन ने सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर दिए इंटरव्यू में इस मुद्दे पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उन्होंने शूटिंग के दौरान अक्षय खन्ना और रणवीर सिंह दोनों के साथ नजदीक से काम किया है. नवीन के मुताबिक अक्षय के अभिनय की तारीफ बिल्कुल सही है, लेकिन रणवीर ने जो काम किया, वो कहीं न कहीं नजरअंदाज हो गया.
‘रणवीर सिंह के साथ थोड़ा नाइंसाफी हुई’ – एक्टर
उनका कहना है कि रणवीर का अभिनय उतना ही मजबूत और प्रभावशाली था. नवीन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि ये थोड़ा नाइंसाफी है. अक्षय सर ने वाकई एक ऐसा किरदार बनाया है, जिसे लोग सालों तक याद रखेंगे. लेकिन एक अभिनेता के तौर पर रणवीर ने जो किया, वो भी कम नहीं है. उनकी छोटी-छोटी बारीकियां, आवाज का उतार-चढ़ाव और खुद को कंट्रोल में रखना बहुत मुश्किल काम है’. उन्होंने कहा कि असल जिंदगी में बेहद एनर्जेटिक रहने वाला इंसान स्क्रीन पर बिल्कुल उलटा किरदार निभा रहा है, जो आसान नहीं होता.
33 साल पुरानी वो मेगा ब्लॉकबस्टर, जिसके 7 गानों ने रचा इतिहास, जीते 11 बड़े अवॉर्ड, ये 3 गाने तो आज भी लाखों के फेवरेट
एक्टर ने की रणवीर सिंह की तारीफ
नवीन ने रणवीर की परफॉर्मेंस को खास इसलिए भी बताया, क्योंकि वे दिखावे पर नहीं, बल्कि संयम पर टिकी हुई थी. उन्होंने फिल्म के एक सीन का जिक्र करते हुए कहा, ‘FA9LA गाने में सब लोग डांस कर रहे हैं, लेकिन रणवीर सिंह नहीं. ऐसे सीन में खुद को रोकना बहुत मुश्किल होता है’. उनके मुताबिक अक्षय खन्ना की दमदार मौजूदगी के चलते कई लोग रणवीर की इस चुप्पी और गंभीरता को समझ नहीं पाए. नवीन का मानना है कि रणवीर का किरदार जानबूझकर अंडरप्ले किया गया था.
मार्च 2026 में रिलीज होगा दूसरा पार्ट
उन्होंने कहा, ‘फिल्म में पहले कमांड में अक्षय सर हैं, फिर दानिश. रणवीर का किरदार ध्यान खींचने के लिए नहीं है. अगर रणवीर में ईगो होती, तो वे खुद पर फोकस खींच सकते थे. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया’. नवीन के मुताबिक एक इनसिक्योर एक्टर ऐसा नहीं कर पाता, लेकिन रणवीर ने किरदार की ईमानदारी को सबसे ऊपर रखा. आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ 2 पार्ट में बनेगी. दूसरा इसी साल मार्च में रिलीज होगा. पहले पार्ट ने भारत में 800 करोड़ और दुनियाभर में 1200 करोड़ कमा लिए हैं.

