
इंडोनेशियन-अमेरिकन मॉडल मनोहारा ओडेलिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं. दरअसल, उन्होंने दावा किया है कि मलेशियाई राजकुमार से हुई उनकी शादी जबरदस्ती करवाई गई थी और शादी के दौरान उन्हें मानसिक व शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ा. मनोहरा के इन बयानों के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है.
सालों बाद छलका मॉडल का दर्द
मनोहारा ओडेलिया ने बताया कि उनकी शादी एक शाही परिवार में हुई थी, लेकिन यह रिश्ता बाहर से जितना भव्य और सम्मानजनक दिखता था, अंदर से उतना ही दर्दनाक था. उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें अपनी मर्जी से जीने की आज़ादी नहीं दी गई. उन्हें लंबे समय तक नियंत्रित किया गया और कई बार डर और दबाव में रखा गया. मनोहरा के मुताबिक, शाही महल के भीतर उनका जीवन किसी सुनहरे पिंजरे जैसा था. बाहर की दुनिया से बात करने की इजाजत नहीं थी, परिवार से दूरी बनाने के लिए कहा गया था और हर कदम पर नियंत्रण. उन्होंने बताया कि उन्हें स्वतंत्र रूप से बाहर जाने की इजाजत नहीं थी और लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी. उनके शब्दों में, यह एक ऐसा दौर था जहां डर और मजबूरी रोजमर्रा की जिंदगी बन चुके थे.
मनोहारा के अनुसार, वह कई बार इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थीं, लेकिन परिस्थितियों और दबाव के कारण ऐसा कर नहीं पाईं. उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान उन्हें परिवार से दूर रखा गया और उनकी आवाज़ को दबाने की कोशिश की गई. इस अनुभव ने उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला.
यह मामला पहले भी मीडिया में आ चुका है, लेकिन अब मनोहरा द्वारा खुलकर सामने आकर अपनी कहानी बताने से एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में है. महिला अधिकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके साहस की सराहना की है और कहा है कि ऐसे मामलों में पीड़ितों की बात सुनी जानी चाहिए.
‘पूर्व पत्नी’ शब्द पर जताया एतराज
मानोहरा ने कहा कि मीडिया द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा इंडोनेशियाई शब्द ‘मंतानइस्त्री’ (पूर्व पत्नी) यह दिखाता है जैसे यह एक सामान्य और वैध शादी थी, जबकि हकीकत बिल्कुल अलग है. उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा बाल विवाह और शोषण की सच्चाई को छुपाती है.
कब हुई थी शादी?
बता दें कि साल 2008 में मानोहरा की शादी मलेशियाई राजकुमार तेंगकु फाखरी से हुई थी. शादीके बाद वह केलंतान के शाही महल में रहीं, जहां उन्होंने दावा किया कि उनकी हर गतिविधि पर निगरानी रखी जाती थी. माता-पिता से संपर्क बेहद सीमित था और बाहर जाने की आजादी नहीं थी.
पहले दिए गए इंटरव्यू में मानोहरा ने शारीरिक और यौन शोषण के आरोप भी लगाए हैं. उन्होंने कहा कि इनकार करने पर उन्हें सजा दी जाती थी. साल 2009 में सिंगापुर की एक होटल यात्रा के दौरान वह वहां से भागने में सफल रह. इस काम में उनकी मां, स्थानीय प्रशासन और अमेरिकी दूतावास ने मदद की. इसके बाद वह सुरक्षित रूप से इंडोनेशिया लौट आईं.

