
Aditya Dhar Record: फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने वाले डायरेक्टर आदित्य धर ने इतिहास रच दिया है. हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. आए दिन रणवीर सिंह स्टारर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए-नए रिकॉर्ड तोड़ रही है. इस फिल्म को जबरदस्त कलेक्शन के साथ डायरेक्टर आदित्य धर को भी जबरदस्त सफलता मिली है. आदित्य धर ने महज दो फिल्मों से ही इंडस्ट्री में एक ऐसा रिकॉर्ड बना डाला है, जिसे बड़े-बड़े डायरेक्टर्स के लिए भी तोड़ना काफी मुश्किल है. चलिए जानते हैं-
साल 2019 में रिलीज की पहली फिल्म
दरअसल, डायरेक्टर आदित्य धर ने साल 2019 में आई फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से अपने करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में विक्की कौशल नजर आए थे. उरी फिल्म में विक्की कौशल ने हर भारतीय में देशभक्ति का जुनून भर दिया था. ऑडियंस ने इस फिल्म को काफी पसंद किया था. इस फिल्म ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर 244.06 करोड़ का कारोबार किया था. इस फिल्म का ऑडियंस के बीच काफी क्रेज देखने को मिला था.
पहली फिल्म के बाद 6 साल बाद की वापसी
आदित्य धर ने ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद फिल्म ‘धुरंधर’ के साथ वापसी की. उरी के करीब 6 साल बाद आदित्य धर ने दूसरी फिल्म बनाई. 5 दिसंबर 2025 को रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई. अब तक इस फिल्म ने कमाई के मामले में बड़ी-बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, धुरंधर ने 35 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 840.45 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया है. इस फिल्म में रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की एक्टिंग को दर्शकों ने काफी सराहा है.
आदित्य धर ने रचा इतिहास
बॉलीवुड के डायरेक्टर आदित्य धर ने इन दोनों फिल्मों से इतिहास रच दिया है. ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘धुरंधर’ से बॉक्स ऑफिस पर आदित्य धर ने जबरदस्त कलेक्शन किया है और कई फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ा है. अगर दोनों फिल्मों का कलेक्शन जोड़ दिया जाए तो इसका टोटल करीब 1084.51 करोड़ रुपये हो जाएगा. देखा जाए तो बॉक्स ऑफिस पर आदित्य धर ने 1000 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है. ऐसे आदित्य धर पहले भारतीय डायरेक्टर बन गए हैं, जिन्होंने अपनी पहली दो फिल्मों से ही इतिहास रच दिया है.
