News in Brief

हिंदी सिनेमा में जब कोई बड़ी शख्सियत किसी फिल्म की खुलकर सराहना करती है, तो उस फिल्म पर दोबारा चर्चा शुरू हो जाती है. ऐसा ही कुछ हुआ है एक्ट्रेस यामी गौतम और इमरान हाशमी की फिल्म ‘हक’ के साथ.इस फिल्म को लेकर कई लोग सोशल मीडिया पर अपनी राय दे रहे हैं. हाल ही में आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम पर जमकर यामी की तारीफ की थी और यही नहीं उन्होंने एक्ट्रेस को फोन कर उनके काम को आगे और देखने की इच्छा जाहिर की थी. वहीं आलिया के बाद अब फिल्ममेकर करण जौहर ने भी इस फिल्म के प्रति अपनी राय दी है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टा पर एक लॉन्ग नोट लिख कर फिल्म को थिएटर में ना देख पाने को लेकर अफसोस व्यक्त किया है. 

‘हक़’ देखने के बाद रोए करण जौहर 
यामी गौतम और इमरान हाशमी स्टारर फिल्म ‘हक़’ को देखने के बाद करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा पोस्ट लिखा जिसने इंडस्ट्री और दर्शकों दोनों का ध्यान खींचा. उनके इस पोस्ट पर यामी गौतम ने भी दिल से धन्यवाद देते हुए जवाब दिया, वहीं फिल्म के निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा भी इस सराहना से भावुक नजर आए.उन्होंने लिखा, ‘शाजिया बानो की कहानी और उसकी जीत ने मुझे रुला दिया. फिल्म खत्म होने के बाद मैं कुछ देर तक बोल नहीं पाया और जोरदार तालियां बजाईं. मुझे अफसोस है कि मैं इस फिल्म को सिनेमाघर में नहीं देख पाया.’

यामी गौतम के फैन बन गए करण
करण जौहर ने फिल्म की तारीफ करते हुए आगे लिखा, ‘सालों बाद किसी अभिनय ने मुझे इतना झकझोर दिया. यामी गौतम का अभिनय सिर्फ शानदार या बेहतरीन कहना काफी नहीं है. उनकी खामोशी, उनकी नजरें, डायलॉग और पूरी फिल्म में उनका आत्मविश्वास अभिनय की एक मिसाल है. आपको मैं सलाम करता हूं यामी, मैं आपका जिंदगी भर फैन रहूंगा.’

Add Zee News as a Preferred Source

इमरान की भी की जमकर तारीफ
यामी की तारीफ के बाद करण जौहर ने फिल्म के डायरेक्टर सुपर्ण एस वर्मा की भी जमकर तारीफ की और कहा, ‘उन्होंने फिल्म को बहुत संतुलित तरीके से बनाया है, जहां भावनाओं पर कभी बनावट हावी नहीं हुई.’ करण ने एक्टर इमरान हाशमी की एक्टिंग को अब तक की सबसे बेस्ट परफॉर्मेंस बताया और कहा, ‘उन्होंने असंवेदनशील और अधिकार जताने वाले पति का किरदार इतने असरदार ढंग से निभाया कि दर्शक उनसे नफरत करने लगे हैं, और यही उनकी सफलता है.’

करण के मैसेज से इमोशनल हुईं यामी
यामी गौतम ने करण को धन्यवाद देते हुए लिखा, ‘आपके शब्दों ने मुझे भावुक कर दिया है. मैं दिल की गहराइयों से आपका आभार व्यक्त करती हूं. आपकी सराहना मेरे लिए बहुत मायने रखती हैं.’ वहीं निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा ने करण जौहर का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘यह सराहना मेरे और पूरी ‘हक’ की टीम के लिए दुनिया के बराबर है.’ एक्ट्रेस सोन्या अयोध्या ने भी करण जौहर के पोस्ट की तारीफ की और कहा, ‘मुझे खुशी है कि करण ने ‘हक’ जैसी फिल्म को सराहा. यह ऐसी फिल्म है जिसे कई लोग सिनेमाघर में नहीं देख पाए और बाद में दूसरे प्लेटफॉर्म पर सर्च कर रहे है. इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव मिलना चाहिए था.’