प्रभास की हॉरर ड्रामा फिल्म ‘द राजा साब’ हाल ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसको लेकर ऑडियंस काफी लंबे समय से इंतजार कर रही थीं. लेकिन बॉक्स ऑफिस का हाल देखकर ऐसा लग रहा है कि डार्लिंग एक्टर इस बार फैंस की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं. एक्टर की इस पैन-इंडिया फिल्म से फैंस को मैसिव सक्सेस की एक्सपेक्टेशन थीं. मगर नेगेटिव रिव्यू की वजह से फिल्म पहले दिन की कमाई के बाद धीरे-धीरे गिरती चली गई.
क्लैश टलने के बाद भी नहीं कर पा रही कमाई
ये फिल्म सिनेमाघरों में 9 जनवरी, 2026 को रिलीज हुई थी, जिसने ओपनिंग डे अच्छी-खासी कमाई की थी. मगर सोशल मीडिया पर फैंस के नेगेटिव रिएक्शन के चलते ये बॉक्स ऑफिस पर ठंड़ी पड़ती जा रही है. वहीं थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट फिर से टल गई है, जिससे दोनों फिल्मों के बीच क्लैश की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है. इसलिए अब प्रभास की फिल्म के पास पूरा समय है कि बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर पाए. लेकिन आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं. किसी भी बड़ी फिल्म से क्लैश ना होने के बावजूद एक्टर की फिल्म फ्लॉप होती हुई दिखाई दे रही है.
अब तक की कमाई
फिल्मों के आंकड़े बताने वाली सैकनिल्क रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ ने रिलीज के चौथे दिन लगभग 5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. इस आंकड़े की तुलना अगर रविवार की कमाई से की जाए तो ये काफी कम है. जो कि फिल्म फ्लॉप होने के संकेत दे रहे हैं. वहीं फिल्म ने अबतक सिर्फ 115 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है. जबकि पहले दिन की कमाई 54 करोड़ रुपए थी.
फिल्म की दमदार कास्ट भी नहीं कर पाई कमाल
फिल्म ‘द राजा साब’ की कास्ट के बारे में बात करें तो, इसमें प्रभास के साथ संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल और जरीना वहाब जैसे बड़े नाम शामिल हैं. फिल्म बड़े बजट की है और इसे सक्सेसफुल बनाने के लिए अभी इसे और भी मेहनत करनी पड़ेगी. लेकिन मौजूदा आंकड़े को देखते हुए ये काफी मुश्किल लग रहा है.
