पर्सनैलिटी राइट्स के उल्लंघन को लेकर भुवन बाम ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उनकी बिना अनुमति इस्तेमाल की गई तस्वीरों और वीडियो को हटाने के निर्देश दिए. अदालत ने बिना इजाजत के उनकी फोटोज और वीडियोज के उपयोग से सुरक्षा देने की बात कही है और मामले की अगली सुनवाई 4 फरवरी तय की है.
डिजिटल दुनिया में अपने कंटेंट और शो ‘ताजा खबर’ के लिए पहचाने जाने वाले यूट्यूबर और अभिनेता भुवन बाम इन दिनों पर्सनैलिटी राइट्स मामले को लेकर सुर्खियों में हैं. इस मामले पर दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई की. भुवन ने शिकायत की थी कि उनकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी अनुमति के बिना अपलोड किए गए हैं. इनमें कुछ वीडियो ऐसे हैं जिनमें उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों को निवेश के लिए उकसाया जा रहा है.
पर्सनैलिटी राइट्स मामले में दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे भुवन बाम
दरअसल, भुवन बाम ने अपनी पहचान और पर्सनैलिटी राइट्स की रक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की. याचिका में उन्होंने कहा कि उनकी तस्वीरें और वीडियो विभिन्न प्लेटफॉर्म पर बिना अनुमति के अपलोड किए जा रहे हैं, जो उनके और फैंस के लिए मानसिक और वित्तीय नुकसान का कारण बन सकते हैं.
ये भी पढ़ें: सस्पेंस, थ्रिलर, रिश्तों की डार्क कहानी, 6 एपिसोड के दमदार साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज; जहां हर मुस्कान के पीछे छुपा है साजिश
मंगलवार को इस मामले में सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट की जज ज्योति सिंह ने कहा कि पहले दिन, पहली नजर में पर्सनैलिटी राइट्स पर कोई नतीजा नहीं निकाला जा सकता. यह बहुत कठिन है कि पहले दिन ही इस पर कोई फैसला दिया जाए. फिलहाल मैं केवल अनधिकृत उपयोग से सुरक्षा प्रदान कर सकती हूं.”
बिना इजाजत के अपलोड की गईं फोटो हटाने का निर्देश
कोर्ट ने बिना अनुमति के अपलोड की गई भुवन बाम की तस्वीरें हटाने का निर्देश दिया. कोर्ट ने कहा कि मामले में स्थानीय कमिश्नर नियुक्त किए जाएंगे और आदेश के विस्तृत दिशा-निर्देश तब स्पष्ट होंगे जब पूरा आदेश अपलोड किया जाएगा. अगली सुनवाई अब 4 फरवरी को होगी.
ये भी पढ़ें: 6 मिनट 11 सेकेंड का वो रोमांटिक गाना…जिसमें जीनत अमान ने हीरो संग दिया था लिपलॉक; सुहागरात वाला सॉन्ग आज भी है सबका फेवरेट
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसी डीपफेक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल ने सेलिब्रिटीज के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भुवन ने फैंस को पहले ही सतर्क किया था कि वे किसी भी ऐसी सलाह या वीडियो पर भरोसा न करें. उन्होंने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दर्ज करवाई थी. इससे पहले कई हस्तियों की पहचान की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने आदेश दिए हैं. इनमें अभिनेता आर माधवन, एनटीआर जूनियर, सलमान खान, पवन कल्याण, सुनील गावस्कर, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, करण जौहर और नागार्जुन जैसे नाम शामिल हैं.
