एक्टर अभिषेक बनर्जी हिंदी सिनेमा के एक मंझे हुए कलाकार हैं, जिन्होंने कई फिल्मों में अपनी बेहतरीन एक्टिंग से फैंस के दिलों पर राज किया है. वहीं हाल ही में उनकी सीरीज ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ को लेकर काफी चर्चा की जा रही है, जिसमें उनकी एक्टिंग की तुलना दिग्गज कलाकार ओम पुरी से की जा रही है. जिसको लेकर एक्टर ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान बातचीत में कहा, ‘मुझे हमेशा से ओम पुरी बेहद पसंद रहे हैं, उनका काम शानदार था. उन्होंने अपने करियर में जो रास्ता अपनाया, जो किरदार निभाए, वह किसी असली हीरो से कम नहीं था. उन्होंने कभी यह नहीं सोचा कि रोल बड़ा है या छोटा, बस इस बात पर जोर दिया कि किरदार कैसे निभाया जाए. यही सोच मैंने अपनी कैमियो भूमिका में अपनाई.’
सीरीज ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’
‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ सीरीज में अभिषेक का किरदार एक ऐसे आदमी का है, जो अपनी गर्भवती पत्नी को सांप्रदायिक हिंसा में खो देता है. उसका किरदार बदले की भावना से भरा है, लेकिन कहानी उसे बाद में महात्मा गांधी के सामने आत्मसमर्पण की ओर ले जाती है. यह कहानी केवल व्यक्तिगत दुख तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत और पाकिस्तान के विभाजन के समय की धार्मिक और सामाजिक जटिलताओं को भी दर्शाती है.
ओम पुरी के किरदार की हुई थी तारीफ
यह किरदार ऐतिहासिक रूप से भी खास है, क्योंकि इसकी भावना ओम पुरी द्वारा फिल्म ‘गांधी’ 1982 में निभाए गए किरदार को दर्शाती है. इस फिल्म में बेन किंग्सले मुख्य भूमिका में थे और फिल्म का निर्देशन रिचर्ड एटनबरो ने किया था. अभिषेक ने आगे कहा, ‘जब निर्देशक निखिल ने मुझे यह रोल ऑफर किया, तो मैंने तुरंत हां कर दी. मेरा मानना है कि इंडस्ट्री की असली भावना यह है कि कलाकार को हमेशा अपनी भूमिका निभाने का मौका मिलना चाहिए, चाहे वह रोल छोटा ही क्यों न हो.’
ओम पुरी को बताया आइकॉन
अभिषेक ने कहा, ‘मेरी तुलना ओम पुरी से करना संभव नहीं है. ओम पुरी एक सिनेमा के आइकॉन हैं, और उनके नक्शेकदम पर चलना अपने आप में सम्मान की बात है. छोटे रोल कभी-कभी सबसे बड़ा असर छोड़ते हैं, और ‘फ्रीडम एट मिडनाइट 2’ के रिलीज के बाद मुझे सोशल मीडिया पर दर्शकों की ओर से काफी प्रशंसा मिली.’ सीरीज के दूसरे सीजन में विभाजन के बाद के समय की अशांति, सांप्रदायिक हिंसा, शरणार्थियों की समस्या, रियासतों का विलय और नेताओं के बीच राजनीतिक तनाव को भी दिखाया गया है.
