)
Bhabiji Ghar Par Hain Movie: टीवी का हाईएस्ट रेटेड शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ ने सालों तक दर्शकों को खूब हंसाया है. अब इस शो पर एक पूरी फिल्म बन चुकी है, जो बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है. फिल्म का नाम ‘भाबीजी घर पर हैं– फन ऑन द रन’ रखा गया है. हाल ही में इसका ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें शो वाली वही हल्की-फुल्की कॉमेडी और मजेदार तकरार देखने को मिली. ट्रेलर लॉन्च के दौरान आसिफ शेख ने एक बड़ा ही चौंकाने वाला किस्सा शेयर किया.
इस किस्से ने हर किसी को हैरान कर दिया. आसिफ शेख ने बताया कि ये घटना शूटिंग की एक नई लोकेशन पर पहले ही दिन हुई थी. उन्होंने कहा, ‘हम नई जगह पर शूटिंग के लिए पहुंचे थे. रवि किशन और मैं साथ बैठकर कॉफी पी रहे थे. हमारे बीच बहुत कम जगह थी. तभी अचानक एक बहुत बड़ा पेड़ टूटकर हमारे बिल्कुल बीच में आ गिरा. अगर वो पेड़ हममें से किसी एक पर गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. हमारी तो चटनी ही बन जाती’. दोनों काफी डर गए थे.
आसिफ शेख ने किया चौंकाने वाला खुलासा
आसिफ शेख ने आगे बताया कि पेड़ की लंबाई करीब 12 से 13 फीट थी और उसका गिरना किसी जोरदार धमाके से कम नहीं था. उन्होंने कहा, ‘हम कुछ समझ ही नहीं पाए कि अचानक क्या हुआ. सब कुछ पलभर में हो गया. कुछ सेकंड तक तो हमें यकीन ही नहीं हुआ कि हम सुरक्षित हैं. भगवान की कृपा रही कि पेड़ हमारे बीच गिरा और हम दोनों बच गए’. उस दिन सेट पर मौजूद हर इंसान सहम गया था. इस घटना पर रवि किशन ने भी अपनी बात रखी.
57 साल पहले राजेश खन्ना को मजबूरी में करनी पड़ी थी ये फिल्म, जिसने रातों-रात बना दिया ‘काका’ को इंडस्ट्री का ‘पहला सुपरस्टार’
आसिफ-रवि पर गिरा था 500 किलो का पेड़
उन्होंने बताया, ‘वो पेड़ कम से कम 500 किलो का रहा होगा. जब वो गिरा तो बहुत तेज आवाज हुई. हादसे में मेरे कंधे पर हल्की खरोंच भी आ गई थी’. रवि किशन ने माना कि अगर इंच भर की भी चूक होती, तो हालात बहुत खराब हो सकते थे. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और जल्द ही खुद को संभाल लिया. फिल्म के प्रोड्यूसर संजय कोहली ने उस दिन के माहौल को याद करते हुए कहा, ‘करीब आधे घंटे तक सेट पर सन्नाटा पसरा रहा. कोई कुछ बोल नहीं पा रहा था’.
6 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म
उन्होंने आगे बताया, ‘रवि किशन को इलाज के लिए भेजा गया, लेकिन वो सिर्फ 30 मिनट में ही वापस आ गए. लौटते ही उन्होंने कहा कि अब सब ठीक है, चलो शूटिंग शुरू करते हैं’. बता दें, फिल्म में शुभांगी अत्रे, विदिशा श्रीवास्तव, आसिफ शेख, रोहिताश्व गौड़, रवि किशन, मुकेश तिवारी और निरहुआ नजर आएंगे. शशांक बाली के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को जी सिनेमा, संजय कोहली और बिनैफर कोहली ने प्रोड्यूस किया है. ये 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
