मुंबई के ओशिवारा इलाके में मौजूद नालंदा सोसायटी में एक राइटर-डायरेक्टर और एक स्ट्रगलिंग मॉडल के घर अचानक फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई है. खबरों के मुताबिक ये फायरिंग शाम के समय पर हुई है, जहां एक अज्ञात हमलावर ने इमारत की ओर ताबड़तोड़ गोली चलाई और मौके से फरार हो गया. गनीमत यह रही कि इस गोलीबारी में किसी को कोई चोट नहीं आई है. हालांकि, इस सनसनीखेज घटना ने आसपास के लोगों के दिलों में डर पैदा कर दिया है.
राइटर और मॉडल के घर पर चली गोलियां
ये घटना नालंदा सोसायटी की दूसरी मंजिल पर हुई है, जहां राइटर और डायरेक्टर नीरज कुमार मिश्रा रहते हैं, जबकि चौथी मंजिल पर स्ट्रगलिंग मॉडल प्रतीक बैद का घर है. फायरिंग के बाद दोनों फ्लैट में गोली लगने के पक्के निशान पाए गए हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये हमला सीधे उन पर ही निशाना बनाकर किया गया है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही ओशिवरा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को घेर लिया और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई और किसे निशाना बनाया गया.
चौथी मंजिल पर मिले 2 प्रोजेक्टाइल
डीसीपी जोन-9 दिक्षित गेडाम ने बताया कि नालंदा बिल्डिंग की दूसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट में एक-एक गोली लगी है, लेकिन किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीम बना दी हैं जो अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं. घटनास्थल पर मौजूद मलबे और निशानों की जांच की जा रही है. मुंबई पुलिस के वेस्ट रीजन के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, परमजीत सिंह दहिया ने बताया कि इमारत की दूसरी और चौथी मंजिल पर जमीन पर दो प्रोजेक्टाइल मिले हैं. इसके अलावा, दीवार और एक लकड़ी के केस पर भी गोली के निशान पाए गए हैं. पुलिस हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है.
