विक्टोरिया और डेविड बेकहम के बड़े बेटे ब्रुकलिन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट शेयर किए हैं, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए. ब्रुकलिन ने माता-पिता पर आरोप लगाते हुए बताया कि परिवार ने सालों तक मीडिया में नैरेटिव को कंट्रोल किया, पर्सनल रिलेशनशिप्स की जगह अपनी छवि को हमेशा आगे रखा. उन्होंने आगे बताया कि उनकी पत्नी निकोला पेल्ट्ज का काफी लंबे समय से उनके माता-पिता द्वारा अपमान किया जा रहा है. शादी से लेकर 2025 के फैमिली फंक्शन तक उन्होंने कई बातों का जिक्र किया और कहा कि वो अब साथ में नहीं रहना चाहते, बस शांति और छुटकारा चाहते हैं.
झूठे रिश्तों से निजात चाहते हैं मॉडल
मॉडल ब्रुकलिन ने अपने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘मैंने सालों तक चुप्पी बनाई रखी और हर कोशिश की कि बातें पर्सनल रहें, लेकिन मेरे माता-पिता लगातार मीडिया में बातें ले जा रहे हैं, जिससे मुझे अपने बारे में सच बोलना पड़ा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं सुलह नहीं करना चाहता… मैं अपने लिए पहली बार खड़ा हुआ हूं.’ मॉडल ने आगे बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट पर शेयर की जाती रहीं फोटो, फैमिली इवेंट्स और झूठे रिश्ते मेरी जिंदगी का हिस्सा रहे. उनके अनुसार इस इमेज मेंटेन करने के चक्कर में उन्हें मेंटली प्रेशर लेना पड़ा.

यहां से शुरू हुआ विवाद
विक्टोरिया बेकहम के बेटे ब्रुकलिन और उनकी पत्नी निकोला पेल्ट्ज की साल 2022 में ग्रैंड वेडिंग को लेकर पहले भी रूमर्स सामने आई थीं. लेकिन अब ब्रुकलिन ने शुरु से हुई सारी बातों का खुलासा खुद कर अपने माता-पिता पर तीखे वार किए हैं. उन्होंने बताया कि शादी से ठीक पहले उनके माता-पिता ने उनसे उनके नाम के राइट्स छीनने की कोशिश की. ब्रुकलिन ने कहा, ‘हफ्तों पहले मेरे माता-पिता ने बार-बार दबाव डाला और पैसे देकर मुझसे मेरे नाम के अधिकार साइन करवाने की कोशिश की. इससे मेरे भविष्य और बच्चों पर असर पड़ता.’
मां पर लगाए गंभीर आरोप
ब्रुकलिन यही नहीं रुके उन्होंने अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाते हुए खुलासा किया कि उनकी पत्नी के साथ पहला डांस पहले से डिसाइड था, लेकिन स्टेज पर जाकर उन्हें पता चला कि उनकी मां डांस के लिए तैयार खड़ी हैं. मॉडल ने कहा, ‘मेरी मां ने मेरा पहला डांस हाइजैक कर लिया और सबके सामने मेरे साथ गलत तरीके से डांस किया. मैंने जिंदगी में कभी इतना अपमानित महसूस नहीं किया.’ उन्होंने आगे और भी आरोप अपने परिवार पर लगाए हैं. वहीं उनके इन आरोपों पर अभी तक बेकहम के परिवार से किसी भी प्रकार की टिप्पणी या प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. लेकिन इस फेमस फैमिली को लेकर इंटरनेट पर काफी चचाएं हो रही हैं.
