ये सीरीज अपनी दमदार कहानी, शानदार एक्टिंग और पंजाब के उदास, बर्फीले नजारों के माहौल वाले सीन के लिए मशहूर है. वहीं अब ये सीरीज अपने दूसरे भाग के साथ एक नई इन्वेस्टिगेशन, गहरे रहस्यों और जटिल इमोशनल कहानी को पेश करने के लिए तैयार है. कोहरा सीजन 2 में आपको जबरदस्त ड्रामा के साथ-साथ कई ऐसे रहस्यों को लेकर आ रहा है, जो आपकी सोच से परे हैं. इस सीजन में भी आपको पुलिस की वर्दी में एक्टर बरुण सोबती (अमरपाल गरूंडी) नजर आएंगे. मगर बरुण के साथ इस बार आपको मोना (धनवंत कौर) सिंह दिखेंगी.
कहानी के जांबाज किरदार
‘कोहरा सीजन 2’ में इस बार जगराना से फोकस हटाकर दलेरपुरा पुलिस स्टेशन पर शिफ्ट किया गया है, जहां असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अमरपाल गरूंडी का ट्रांसफर हुआ है. यहां, वो अपनी नई कमांडिंग ऑफिसर, धनवंत कौर के साथ मिलकर काम करेगा. हालांकि उनकी पर्सनैलिटी और काम करने का तरीका पूरी तरह से अलग है, लेकिन दोनों में क्राइम सुलझाने का गहरा जज्बा है.
‘कोहरा 2’ की कहानी के बारे में..
बात करें दूसरे भाग की कहानी की तो, जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, पिछले ट्रॉमा से खुद को बचाने के लिए उन्होंने जो दीवारे बनाई थीं, वो गिरने लगती हैं, जिससे प्रोफेशनल ड्यूटी और पर्सनल कमजोरी के बीच की दूरियां मिट जाती हैं. वहीं दोनों की पार्टनरशिप सीरीज में एक नई एनर्जी लाती है, जो जबरदस्त बातचीत, सामाजिक परेशानियां और इंसानी भावनाओं के कच्चे पलों का वादा करती है.
इस दिन होगी ‘कोहरा 2’ स्ट्रीम
‘कोहरा सीजन 2’ के बारे में बात करते हुए सीरीज के डायरेक्टर सुदीप शर्मा ने कहा, ‘सीजन 1 ने हमें अतीत और वर्तमान के बीच के शांत तनाव को समझने का मौका दिया. लेकिन भाग 2 में, हमने सच्चाई और किरदारों की गहराई पर ध्यान दिया है, जिससे कहानी जमीनी होने के साथ-साथ सस्पेंसफुल भी बनी है. बरुण और मोना ने जबरदस्त परफॉर्मेंस दी है, और यह सीजन सच में एक इमोशनल रोलर-कोस्टर है.’ आपको बता दें कि कोहरा 2 ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 11 फरवरी से स्ट्रीम होगी.
