सीरियल अनुपमा (Anupama) के हाथ से एक बार फिर से टीआरपी की गद्दी फिसलने लगी है. ऐसे में अनुपमा के मेकर्स के बीच हंगामा मच गया है. अनुपमा की कहानी में अब तेजी से बदलाव किया जा रहा है. हालांकि अब भी अनुपमा की रेटिंग बढ़ने का नाम नहीं ले रही है. अब जल्द से जल्द मेकर्स को ये चॉल का ट्रैक खत्म करना होगा, वरना अनुपमा की हालत खराब हो जाएगी. राजन शाही (Rajan Shahi) और रुपाली गांगुली (Rupali Ganguly) के सुपरहिट सीरियल अनुपमा में आपने देखा, पराग वसुंधरा को बताता है कि उसने चॉल के चक्कर में अपना घर गिरवी रख दिया है. इस दौरान वसुंधरा को ये भी पता चल जाता है कि अनुपमा चॉल को टूटने नहीं दे रही है. ये बात जानकर वसुंधरा को सदमा लग जाता है. वसुंधरा की तबियत खराब हो जाती है. ऐसे में राही और परी भी घबरा जाती हैं. परिवार के लोगों के बीच हंगामा मच जाता है. वहीं अनुपमा रजनी को सबक सिखाने का फैसला करती है. इसी बीच सीरियल अनुपमा की कहानी में एक बड़ा भूचाल आने वाला है जिसकी वजह से राही और माही की जिंदगी में बवाल कट जाएगा.
अनुपमा को ब्लैकमेल करेंगी राही और मारी
सीरियल अनुपमा के आने वाले एपिसोड में आप देखेंगे जल्द ही राही और माही अनुपमा से मिलने के लिए जाने वाली हैं. वसुंधरा भी अनुपमा से मुलाकात करेगी. राही और माही अनुपमा को याद दिलाएंगी कि कोठारी हाउस उनका ससुराल है. अगर ससुराल को कुछ हुआ तो राही और माही की जिंदगी तबाह हो जाएगी. वसुंधरा भी अनुपमा से समझाने की कोशिश करेगी. ऐसे में राही और माही दावा करेंगी कि अनुपमा अपनी बेटियों का घर तबाह नहीं होने देगी. राही और माही मिलकर अनुपमा पर दवाब बनाने की कोशिश करने वाली हैं. हालांकि अनुपमा पर इन बातों का कोई भी असर नहीं होगा.
पराग से मुंह मोड़ेगी वसुंधरा
सच सामने आते ही वसुंधरा का दिल टूट जाएगा. वसुंधरा पराग के हाथ से पानी तक लेने से इनकार कर देगी. अपनी मां का गुस्सा देखकर पराग का दिल टूट जाएगा. अपने कमरे में पराग भी आंसू बहाने वाला है. दूसरी तरफ राही का अनुपमा के साथ झगड़ा होगा. राही दावा करेगी कि एक बार फिर से महान बनने के चक्कर में वो अपनी बेटी का घर तबाह कर रही है.
