Actor Kamaal Rashid Khan Arrested: फिल्म एक्टर और खुद को क्रिटिक्स बनाने वाले कमाल राशिद खान उर्फ केआरके को शनिवार सुबह ओशिवारा पुलिस ने गिरफ्तार किया. ये गिरफ्तारी मुंबई के अंधेरी इलाके में हुई दो राउंड फायरिंग के मामले में हुई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ये घटना इसी महीने की शुरुआत में सामने आई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार केआरके तक पहुंच गई.
जोन 9 के डीसीपी दिक्षित गेडाम ने केआरके की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान केआरके ने बताया कि फायरिंग उनकी लाइसेंसी बंदूक से हुई थी. उनका कहना है कि वो हथियार की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान गलती से गोलियां चल गईं. पुलिस ने बंदूक को जब्त कर लिया है और मामले से जुड़ी कानूनी क्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. ये फायरिंग की घटना 18 जनवरी को ओशिवारा की नालंदा सोसाइटी में हुई थी.
