विवेक रंजन अग्निहोत्री इंडस्ट्री के जाने-माने फिल्म निर्माता-निर्देशक हैं, उन्होंने अब तक कई बेहतरीन फिल्में दी हैं. वहीं हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में स्टार्स के सोशल मीडिया यूज करने पर बातचीत की है. इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि स्टार्स को हमेशा दूर से दिखना चाहिए, जैसे आसमान में तारे होते हैं. अगर वो रोजाना सोशल मीडिया पर दिखते रहेंगे तो उनका जादू और आकर्षण खत्म हो जाएगा. कई एक्टर्स रोजाना अपनी जिंदगी के हर पल को शेयर करते हैं, जिससे उनका जादू धीरे-धीरे कम होता जा रहा है.
थिएटर में स्टार की वैल्यू कम होने की वजह
विवेक रंजन ने आगे बताया, ‘मेरा हमेशा से मानना है और मैं कहता भी आ रहा हूं कि एक्टर्स को सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रहना चाहिए. मेरा मानना है कि स्टार्स सिर्फ अपने काम के लिए ही सामने आने चाहिए. अगर वो 24घंटे एयरपोर्ट, जिम, हेयर सैलून, ग्रॉसरी स्टोर या शादियों-फंक्शन में दिखते रहेंगे तो ऑडियंस सिनेमा हॉल में टिकट लेकर फिल्म क्यों देखने जाएंगे? क्योंकि स्टार पहले से ही हर जगह उपलब्ध हो जाते हैं.’
नेगेटिव कमेंट्स से पड़ता है असर
विवेक ने बात को बढ़ाते हुए कहा, ‘सोशल मीडिया पर हर छोटी-बड़ी बात पर लोग कमेंट करते हैं. अगर कोई स्टार किसी मुद्दे पर बोलता है तो विरोधी पक्ष की आवाज ज्यादा तेज हो जाती है. यहां तक कि सुबह गुड मॉर्निंग लिखने पर भी लोग प्रोपेगैंडा का आरोप लगा देते हैं. आज हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल फोन है, जिसे वे बंदूक की तरह इस्तेमाल करते हैं.’ उन्होंने बताया कि वो खुद सोशल मीडिया पर केवल उन टॉपिक पर बात करते हैं, जो किसी एक ओर से नहीं, बल्कि पूरे समाज से जुड़ी होती है.
यंग स्टार्स को इंटरनेट से रहना चाहिए दूर
निर्माता ने आगे उदाहरण देते हुए प्रदूषण का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘अगर प्रदूषण पर कुछ कहें तो कुछ लोग लिखते हैं कि विकास चाहिए तो प्रदूषण तो होगा ही. ऐसे मूर्ख हर जगह मिलेंगे, लेकिन स्टार्स को अपनी सोच और निजी जिंदगी को छुपाकर रखना चाहिए. खासकर युवा एक्टर्स का काम सिर्फ स्क्रीन पर दिखना चाहिए. उनकी व्यक्तिगत जिंदगी, विचार या रोजमर्रा की लाइफ लोगों के सामने नहीं आनी चाहिए. इससे उनका आकर्षण बना रहता है. इससे दर्शकों में एक्साइटमेंट बनी रहती है.
