Arijit Singh Retirement: अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना…ये गाना जब अरिजीत सिंह की मदहोश आवाज में सुनाई देता है तो हर आशिक के जज्बात मोहब्बत के कागज पर दर्द की स्याही से लिख जाता है. किसी को खोने का गम, किसी को चाहने का अहसास, कोई पास होकर भी दूर हो, इसे सुरों के धागों में पिरोने का काम अरिजीत से बेहतर शायद ही किसी ने किया हो. अब अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कह दिया है. यानी अब वह किसी फिल्म में नहीं गाएंगे. उनके गाए 500 गाने उनके चाहने और सुरों के दीवानों के लिए आयत से कम नहीं हैं.
शो से बाहर हुए और भूल गई दुनिया
एक रिएलिटी सिंगिंग शो में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज के इस लड़के को पहली बार दुनिया ने देखा और शो के बाहर होने के बाद भूल गई. लेकिन अरिजीत जानते थे कि अगर उनको संगीत की दुनिया में ‘द अरिजीत सिंह’ बनना है तो इस आवाज से काम नहीं चलेगा. एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया कि उनकी आवाज जैसी आज है, वैसी नहीं थी. उन्होंने अपनी आवाज को तोड़ा है. अपनी आवाज को सुरों की भट्टी में तपाया है. ना जाने कितने घंटे तक रियाज़ करके खुद को उस आवाज का मालिक बनाया है, जिसके आगे हर कोई फीका पड़ गया.
बंटवारे के बाद भारत आया था परिवार
25 अप्रैल 1987 को पैदा हुए अरिजीत सिंह के पिता कक्कड़ सिंह पंजाबी सिख थे और उनकी मां अदिति सिंह बंगाली थीं. उनका पुरखे पहले लाहौर में रहते थे, जो बंटवारे के बाद भारत आए थे. यानी सब छूटने के दर्द से अरिजीत का पुराना वास्ता है. बेहद कम उम्र में ही उनकी मुलाकात संगीत से हुई.
उनकी मौसी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत में ट्रेनिंग ली थी, और उनकी नानी भी गाना गाती थीं. उनके मामा तबला बजाते थे. उनकी मां भी गाना गातीं और तबला बजाती थीं. खुद को बड़े गुलाम अली, उस्ताद राशिद खान, जाकिर हुसैन, आनंद चटर्जी, किशोर कुमार, हेमंत कुमार और मन्ना डे जैसे संगीत के सूरमाओं का शागिर्द बताने वाले अरिजीत की पढ़ाई शुरू हुई तो वह एक साधारण स्टूडेंट थे, जिसे संगीत से इश्क था. बड़े होते वक्त उन्होंने मोजार्ट, बीथोवेन और मॉडर्न बंगाली संगीत सुना.
3 साल की उम्र से सीखा संगीत
संगीत की शिक्षा उनको राजेंद्र प्रसाद हजारी से मिली और तबला उनको धीरेंद्र प्रसाद हजारी ने सिखाया. बीरेंद्र प्रसाद हजारी ने उनको रबींद्र संगीत से रूबरू कराया. तीन साल से लेकर 9 साल की उम्र तक उन्होंने हजारी बंधुओं के सानिध्य में रहकर संगीत की साधना की.
लगातार मिली नाकामी लेकिन…
उनके गुरु राजेंद्र प्रसाद हजारी उनके हुनर को पहचान चुके थे, इसलिए उनको 18 साल की उम्र में घर छोड़कर फेम गुरुकुल (2005) नाम के रिएलिटी शो में जाने को कहा. उनकी गायिकी से शो में फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली इतने प्रभावित हुए कि अपनी फिल्म सांवरिया में यूं शबनमी गाना गाने का ऑफर दे डाला. लेकिन फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव के कारण यह गीत कभी रिलीज नहीं हुआ. टिप्स कंपनी के कुमार तुरानी ने उनको एक म्यूजिक एल्बम के लिए साइन किया, लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चली गई. एक के बाद एक नाकामी मिल रही थी. अरिजीत इसे लेकर परेशान थे. फेम गुरुकुल से भी वह कुछ ही राउंड बाद बाहर हो गए थे. कुछ सूझ नहीं आ रहा था कि आगे की राह कैसे मिलेगी.
मंजिल दूर थी, टूटने नहीं दिया हौसला
2006 में वह मुंबई शिफ्ट हो गए और लोखंडवाला इलाके में एक किराये के घर में रहे. उन्होंने जो भी शुरुआत में कमाया था, वह सब एक पर्सनल रिकॉर्डिंग स्टूडियो बनाने में खर्च कर दिया. इसके बाद वह टीवी चैनल्स, रेडियो स्टेशन और विज्ञापनों के लिए म्यूजिक प्रोग्रामर और प्रोड्यूसर के तौर पर काम करने लगे. लेकिन यहां से भी उनकी मंजिल दूर थी. या यूं कहें कि उस दौर का आना बाकी था.
वो दौर, जहां लोग उनकी एक झलक के लिए दीवाने होने वाले थ. एक गीत सुनने के लिए चिल्लाना बाकी था. यह सब अभी दूर था. अभी वक्त था अरिजीत के संयम को परखने का. जहां शायद कुदरत उनके गायकी के कुंदन को तपाकर सोने में तब्दील कर रही थी. साल बीते, वक्त आगे बढ़ा. काम मिलने लगा. शंकर एहसान लॉय, विशाल शेखर, मिथुन,मोंटी शर्मा और प्रीतम जैसे इंडस्ट्री के दिग्गजों ने उनकी गायकी को पहचाना. मर्डर 2 के फिर मोहब्बत, बर्फी के फिर ले आया दिल और एजेंट विनोद के गाने राबता से उनको अब घर-घर में पहचाने जाने लगा. लोग गाने तो सुनने लगे थे, लेकिन नाम अभी जुबान पर नहीं चढ़ा था.
फिर टूटे दीवानगी के सारे रिकॉर्ड
फिर साल 2013 में आई आशिकी 2 और रिलीज हुआ क्योंकि तुम ही हो, अब तुम ही हो, जिंदगी अब तुम ही हो. इस गाने का खुमार आशिकों के दिल पर ऐसा छाया कि सारे रिकॉर्ड टूट गए. हर गली, हर रेडियो स्टेशन, टीवी में यह गाना सुनाई पड़ता था. लोगों ने अपने फोन की कॉलर ट्यून पर इस गाने को लगाया था. शादियों में दूल्हा-दुल्हन इस गाने पर रोमांटिक डांस करके नजर आते थे. किसी खास को प्रपोज करने के लिए भी आशिकों ने बैकग्राउंड में बजाया है. इसके लिए अरिजीत सिंह को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था. इसके बाद यहां से अरिजीत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
वक्त नहीं, फिर अरिजीत का दौर आया…
इसके बाद शुरू हुआ अरिजीत सिंह का दौर. वो दौर जहां उनकी आवाज के सामने हर कोई फीका पड़ गया. ऐसा कोई गाना नहीं था, जो पॉपुलर ना हुआ हो. क्या मिलेनियल्स और क्या जेन जी. सब पर अरिजीत की आवाज का जादू सिर चढ़कर बोल रहा था. जब उन्होंने कबीर सिंह का तुझे कितना चाहने लगे हम गाया तो अहसास होता है कि कोई शख्स किसी से इतना प्यार करता है कि उसके अलावा उसे किसी की चाह नहीं है. जब वह छिछोरे फिल्म का खैरियत पूछो, कभी कैफियत पूछो, तुम्हारे बिन दीवाने का क्या हाल है गाते हैं तो आशिक के दिल की बेबसी झलकती है.
कबीरा यूं ना जा…
लेकिन ऐसा नहीं है कि सिर्फ दर्द भरे गानों पर ही अरिजीत की आवाज फिट बैठती है. कई डांस नंबर्स जैसे घुंघरू टूट गए, नशे सी चढ़ गई, सूरज डूबा है यारों, दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड जैसे गाने लोगों को थिरकने पर मजबूर कर देते हैं. उनका यह सफर बदस्तूर जारी था. लेकिन चाव से उनके गाने सुन रहे थे. अगर अब उस ‘कबीरा’ की आवाज किसी गाने में सुनाई नहीं देगी. शायद हमारी तरह उनके करोड़ों चाहने वाले यही कह रहे होंगे-रे कबीरा मान जा, रे कबीरा यूं ना जा, ऐसा तू है निरमोही कैसा हरजाईया.
