News in Brief

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और मनोज तिवारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. दरअसल एक निवेश फर्म से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में आया है, जिस पर आरोप है कि उसने अपने निवेशकों से कई सौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है. कोर्ट में शिकायतवाद के आधार पर यह मामला साकची थाने में फिल्म अभिनेता सह सांसद मनोज तिवारी, सिने स्टार गोविंदा, चंकी पांडे और शक्ति कपूर समेत कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह के साथ जमशेदपुर शाखा प्रबंधक शिव नारायण पात्रो के खिलाफ दर्ज किया गया.

मुश्किलों में गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला बर्मामाइंस निवासी जसपाल सिंह की ओर से दर्ज शिकायतवाद का है. आरोप है कि उन्होंने मैक्सीजोन कंपनी में आठ लाख रुपये निवेश किए थे. कंपनी की ओर से उन्हें हर माह 15 प्रतिशत ब्याज देने का वादा किया गया था, लेकिन न तो तय समय पर ब्याज दिया गया और न ही मूल राशि लौटाई गई. कोर्ट के आदेश पर साकची थाने में केस दर्ज किया गया है. सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि निवेश कराने से पहले उन्हें कंपनी से जुड़े फिल्म अभिनेताओं के विज्ञापन और प्रचार सामग्री दिखाई गई. इन प्रचार के जरिए भरोसा दिलाया गया कि नामी फिल्म कलाकार कंपनी के लिए काम और प्रचार करते हैं, जिससे कंपनी पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय है. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि जमशेदपुर शाखा के प्रबंधक शिव नारायण पात्रो ने कहा था कि कंपनी को फिल्म अभिनेताओं का समर्थन है. इस भरोसे में आकार जसपाल सिंह ने बड़ी रकम निवेश कर दी. बाद में जब पैसे और ब्याज मांगे तो टालमटोल किया जाने लगा. शिकायतवाद पर सुनवाई के बाद अदालत ने साकची थाने को एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया. इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.

गाजियाबाद की मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड ने हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी की है. कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले हैं. उन्हें पिछले साल पुलिस ने कोडरमा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया था. अभी दोनों जेल में हैं.