बॉलीवुड इंडस्ट्री में एक बार फिर दहशत का माहौल है. मुंबई में मशहूर निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई. इस घटना ने आम लोगों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर सितारे कितने सुरक्षित हैं. रोहित शेट्टी से पहले भी कई बड़े नाम ऐसे हैं, जिनके घर या ऑफिस को निशाना बनाया गया. इन घटनाओं में कुछ मामलों ने तो पूरे देश को हिलाकर रख दिया था.
सिद्धू मूसेवाला– पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मई 2022 में पंजाब के मानसा जिले में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना ने न सिर्फ म्यूजिक इंडस्ट्री, बल्कि पूरे देश को झकझोर के रख दिया.
कपिल शर्मा- कमीडियन कपिल शर्मा का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. उनके कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर अलग-अलग दिन तीन बार फायरिंग हुई. इन घटनाओं ने कपिल और उनके फैंस के दिलों में डर बिठा दिया था. बताया गया कि इन हमलों की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े लोगों ने ली थी.
सलमान खान- सलमान खान के घर के बाहर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग की घटना भी काफी चर्चा में रही. मुंबई के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. उस वक्त सलमान खान घर में ही मौजूद थे. गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन इसके बाद उनकी सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई. इस मामले में भी बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था.
एपी ढिल्लों- पंजाबी गायक एपी ढिल्लों भी इससे अछूते नहीं रहे. सितंबर 2024 में कनाडा स्थित उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी. इस मामले में कनाडा पुलिस ने जांच की और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसने फैंस को चिंता में डाल दिया.
एल्विश यादव– यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर भी फायरिंग की घटना हुई थी. इस वारदात में हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी. उस वक्त एल्विश घर पर नहीं थे, लेकिन उनका परिवार अंदर मौजूद था. गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल गया. पुलिस ने इस मामले में जांच की और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया.
