अभिनेता राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले को लेकर कई सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. राजपाल यादव इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं. उन्हें 9 करोड़ रुपये चुकाने हैं जिसके लिए बॉलीवुड स्टार आगे आ रहे हैं. सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, तेज प्रताप यादव जैसे लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया है. वही, अब मदद करने वालों में सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन का नाम भी सामने आया है.
अजय देवगन-सलमान भी आए सामने
राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने एक्टर को लेकर चौंकाने वाली जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान ने मदद का हाथ बढ़ाया है. यही नहीं, अजय देवगन और डेविड धवन ने भी मदद की बात कही है. इस तरह बॉलीवुड़ इस मौके पर राजपाल यादव के साथ मजबूती से खड़ा है.
गुरु रंधावा ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा भी राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं. उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा है, ‘आइए हम सब मिलकर हमारे सीनियर एक्टर राजपाल यादव सर की मदद करें. मैं उन्हें अपने आगामी वीडियो में से एक में फीचर होने के लिए एडवांस भेज रहा हूं. सोनू सूद पाजी, आप ने जो शुरू किया है, उस पर आगे बढ़ेंगे.’
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने किया गुप्तदान
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने लंबे समय के दोस्त राजपाल यादव की फिर से मदद की है. सूत्रों के अनुसार, नवाजुद्दीन ने राजपाल की इस मुश्किल घड़ी में चुपचाप आर्थिक सहायता प्रदान की है. उन्होंने इस मदद को सार्वजनिक करने से परहेज किया, क्योंकि वे व्यक्तिगत मामलों को निजी रखना पसंद करते हैं और नेकी को सुर्खियों में नहीं लाना चाहते. उनके करीबियों का कहना है कि राजपाल के प्रति उनका समर्थन सच्ची दोस्ती पर आधारित है, न कि प्रचार या लोकप्रियता के लिए. दोनों अभिनेताओं के बीच शुरुआती संघर्ष के दिनों से गहरा रिश्ता रहा है. पहले भी नवाजुद्दीन ने राजपाल को 10 लाख रुपये की मदद दी थी. यह मदद उद्योग में दोस्ती की मिसाल है.
क्या है पूरा मामला?
मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव और उनकी पत्नी ने अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली की एक कंपनी से लगभग 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था. फिल्म फ्लॉप होने के बाद लोन चुकाने में दिक्कत हुई. कर्ज के बदले जारी कई चेक बाउंस हो गए, जिसके कारण नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ.
ब्याज और पेनल्टी के साथ बकाया राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपए हो गई. दिल्ली हाईकोर्ट ने कई बार डेडलाइन बढ़ाई और एक्सटेंशन दिए, लेकिन राजपाल यादव बार-बार भुगतान में असफल रहे. हाल ही में कोर्ट ने कोई और राहत देने से इनकार करते हुए उन्हें छह महीने की सजा काटने के लिए तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया.
