टीवी और ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकीं रश्मि देसाई आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि जिस नाम से देश उन्हें जानता है, वह उनका असली नाम नहीं है. उनकी पहचान के पीछे एक दिलचस्प किस्सा है, जो दो बार बदले गए नाम से जुड़ा हुआ है.
मां ने डर से दो बार बदला था नाम
रश्मि देसाई का जन्म 13 फरवरी 1986 को असम के नागांव में हुआ था. उनका जन्म एक गुजराती परिवार में हुआ. इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले रश्मि का असली नाम शिवानी था. जब उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में आने का फैसला किया, तब उन्हें नाम बदलने की सलाह दी गई, ताकि नया नाम किस्मत के लिए शुभ साबित हो. इसके बाद शिवानी ने अपना नाम बदलकर दिव्या रख लिया. इसी नाम से उन्होंने अपने करियर की शुरुआती कोशिशें शुरू कीं.
ये भी पढ़ें: 26 साल पुरानी वो फिल्म…2 करोड़ के बजट की बंपर कमाई, 3 गानें तो आज हैं चार्टबस्टर; आज भी आशिकों के दिलों में बसती है ये मूवी
दिव्या नाम से उन्होंने शुरुआत में कई प्रोजेक्ट्स किए, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पा रही थी जिसकी उन्हें तलाश थी. उनके पास काम आने भी बंद हो गए थे. उसी समय एक ज्योतिष मित्र की सलाह पर उन्होंने एक बार फिर नाम बदलने का फैसला लिया. इसके बाद दिव्या से वह रश्मि देसाई बनीं. यही नाम उनके जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. नाम बदलने के बाद न सिर्फ काम मिलने लगा, बल्कि उनकी पहचान भी बनने लगी.
बी ग्रेड फिल्मों में कर चुकी हैं काम
रश्मि देसाई ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से नहीं, बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा से की. वह पहली बार साल 2002 में असमिया फिल्म ‘कन्यादान’ में नजर आईं. इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में काम किया, जहां उन्होंने कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं. भोजपुरी फिल्मों में रश्मि की डिमांड काफी थी, और उस समय निर्देशक उन्हें मुंह मांगी फीस भी देने को तैयार रहते थे.इसके अलावा एक्ट्रेस बी-ग्रेड फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: आहट नहीं, ये था दूरदर्शन का पहला हॉरर शो…घड़ी में 11 बजते ही कांप उठता था पूरा घर, किले में भटकती थी आत्मा; IMDb रेटिंग भी है 8.9
फिर भी चौथे नाम से हुईं घर-घर में मशहूर
टीवी की दुनिया में रश्मि को पहली बड़ी पहचान कलर्स चैनल के सुपरहिट शो ‘उतरन’ से मिली. इस शो में उन्होंने तपस्या ठाकुर का नेगेटिव किरदार निभाया, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. दिलचस्प बात यह रही कि जिस एक्ट्रेस का नाम दो बार बदला गया, वही तपस्या के नाम से हमेशा के लिए दर्शकों के दिलों में बस गई.
इसके बाद रश्मि ने ‘दिल से दिल तक’, ‘नागिन’, ‘इश्क का रंग सफेद’ जैसे कई टीवी शोज किए. रियलिटी शोज की बात करें तो वह ‘खतरों के खिलाड़ी’ और ‘बिग बॉस 13’ में भी नजर आईं, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के कई अनछुए पहलू दर्शकों के सामने रखे. बिग बॉस में उन्होंने खुलकर अपने संघर्ष, रिश्तों और टूटे भरोसे पर बात की.
