
)
Mammootty Health Update: 74 साल के मलयालम सुपरस्टार ममूटी (Mammootty) ने पहली बार अपनी उस हेल्थ कंडीशन जुड़ी परेशानी पर खुलकर बात की, जिसकी वजह से उन्हें 2025 में फिल्मों से ब्रेक लेना पड़ा था. हाल ही में एक अस्पताल इवेंट के दौरान शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि कुछ समय के लिए उनकी सूंघने और स्वाद लेने की क्षमता खत्म हो गई थी. इस एक्सपीरियंस ने उन्हें जिंदगी को अलग नजरिए से देखना सिखाया.
उन्होंने कहा कि इंसान की जिंदगी में देखने और सुनने की ताकत बहुत मायने रखती है. उन्होंने बताया, ‘आंखों की रोशनी और सुनने की क्षमता बेहद जरूरी है. कुछ लोग सांस तो लेते हैं, लेकिन उन्हें किसी भी चीज की खुशबू महसूस नहीं होती. मैं लंबे समय तक कुछ सूंघ या चख नहीं पा रहा था. अब धीरे-धीरे सब ठीक हो रहा है. जब ये चीजें चली जाती हैं, तब उनकी असली कीमत समझ आती है’. आगे उन्होंने सुनने की क्षमता को एक बड़ी नेमत बताया.
बयां किया उस खौफनाक बीमारी का दर्द
उन्होंने कहा, ‘जब हम किसी से आवाज धीमी करने को कहते हैं, तो इसलिए क्योंकि हम सुन सकते हैं. जो लोग सुन नहीं सकते, वे ऐसा कभी नहीं कहेंगे. कई लोग ये भी नहीं समझते कि किसी गाने को पसंद या नापसंद कर पाना भी एक लक है. कुछ लोग तो बस जिंदगी में एक बार कुछ सुनना चाहते हैं. सुन पाना भगवान का दिया आशीर्वाद है’. सेहत बिगड़ने के बाद ममूटी ने कई महीनों तक फिल्मों से दूरी बना ली थी, जिसको लेकर तरह-तरह की खबरें आई थीं.
क्या है राजपाल यादव के 9 करोड़ के कर्ज की वो अनसुनी कहानी? एक्टर की रिहाई के बाद खुद बिजनेसमैन ने सुनाई इनसाइड स्टोरी
फिल्मों से भी लेना पड़ा था ब्रेक
कुछ रिपोर्ट्स में कैंसर के इलाज की बात भी कही गई, लेकिन इसकी ऑफिशियल पुष्टि नहीं हुई थी. इलाज के बाद जब उन्हें पॉजिटिव मेडिकल रिपोर्ट मिली, तब उन्होंने दोबारा काम पर लौटने का फैसला किया. उन्होंने वापसी का ऐलान फिल्म ‘Patriot’ की शूटिंग से किया, जिसका निर्देशन महेश नारायणन कर रहे हैं. ये एक स्पाई एक्शन ड्रामा बताई जा रही है. खास बात ये है कि इस फिल्म में उनके साथ मलयालम सिनेमा के बड़े सितारे मोहनलाल भी नजर आएंगे.
ममूटी की आने वाली बड़ी फिल्में
लगभग 10 साल बाद दोनों दिग्गज एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे, जिससे फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है. ‘पैट्रियट’ फिल्म के अलावा भी ममूटी कई प्रोजेक्ट्स में बिजी हैं. वे इन दिनों ड्रामा फिल्म ‘पदयात्रा’ की शूटिंग कर रहे हैं. साथ ही वे तमिल स्टार धनुष की फिल्म D55 में भी अहम भूमिका निभाएंगे, जिसे राजकुमार पेरियासामी निर्देशित कर रहे हैं. लंबे ब्रेक के बाद उनकी वापसी को फैंस एक नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं.
