
)
Salim Khan Health Update: हिंदी सिनेमा के मशहूर और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल वे आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में हैं. इमरजेंसी में लाए जाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं. फैंस और करीबी उनकी जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. इसी बीच सलमान खान भी देर रात अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने पहुंचे.
इसके बाद उनको अस्पताल से बाहर निकलते हुए देखा गया. बाहर निकलते समय सलमान अच्छी खासी सिक्योरिटी से घिरे नजर आए. उन्होंने टी-शर्ट और कैप पहन रखी थी और मीडिया से बातचीत किए बिना सीधे अपनी कार की ओर बढ़ गए. सिर झुकाए वे तेजी से गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए. बाद में वे कार के अंदर बैठे कुछ पल इधर-उधर देखते नजर आए. इसके बाद उनकी गाड़ी अस्पताल परिसर से बाहर निकल गई. उनके चेहरे पर चिंता साफ नजर आई.
माइनर ब्रेन हेमरेज की हुई दिक्कत
जानकारी के मुताबिक सलीम खान को सुबह करीब 8.30 बजे परिवार के डॉक्टर संदीप चोपड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे थे. उन्हें तुरंत इमरजेंसी केयर दी गई और पहली मंजिल के आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया. डॉक्टरों ने बताया कि उनका ब्लड प्रेशर अचानक काफी बढ़ गया था. इसी वजह से दिमाग की दाईं ओर की नस फटने से हल्की इंटरनल ब्लीडिंग हुई. उनका इलाज कर रहे डॉक्टर जलील पार्कर ने उनकी हेल्थ बताते हुए ऑफिशियल बयान दिया था, जिसमें उनकी कंडीशन बताई.
150 करोड़ का बजट, 6 दिनों में आधा भी वसूल नहीं पाई O’Romeo, क्या आगे तय कर पाएगी 106.15 करोड़ का फासला?
डॉक्टर ने बताई अब कैसी उनकी हालत?
उन्होंने बताया, ‘हां, ये सही है कि सलमान खान के पिता सलीम खान को सुबह 8.30 बजे लिलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें उनके फैमिली डॉक्टर संदीप चोपड़ा लेकर आए थे. तुरंत इमरजेंसी इलाज शुरू किया गया और उन्हें आईसीयू में रखा गया’. डॉक्टर ने आगे बताया, ‘दिमाग में हल्की ब्लीडिंग हुई है. आज सुबह डीएसए नाम का एक प्रोसेस किया गया. फिलहाल सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी. वे अभी वेंटिलेटर पर हैं. उम्मीद है कि कल तक उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया जाएगा’.
फैंस लगातार मांग रहे सलामती की दुआ
उन्होंने आगे कहा, ‘उम्र को देखते हुए रिकवरी में थोड़ा समय लग सकता है’. फिलहाल न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए है. पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान शूटिंग छोड़कर माध आइलैंड से मुंबई लौट आए. उनकी बहनें अलवीरा अग्निहोत्री और अर्पिता शर्मा के साथ परिवार बाकी सदस्य भी अस्पताल पहुंचे. फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.

