News in Brief

Daisy Shah On BMC Elections 2026: महाराष्ट्र में इन दिनों बीएमसी चुनाव (BMC Elections 2026) को लेकर माहौल काफी गरमाया हुआ है. हर पार्टी अपने-अपने तरीके से प्रचार में जुटी है. इसी बीच सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली एक्ट्रेस डेजी शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में डेजी काफी नाराज नजर आ रही हैं. साथ ही वे लोगों से अपील करने के साथ-साथ चेतावनी भी देती नजर आ रही हैं. 

वीडियो में देखा जा सकता है कि उनके घर के पास एक बिल्डिंग में आग लग गई, जिसे लेकर वे अपनी नाराजगी जाहिर कर रही हैं. डेजी के मुताबिक ये हादसा चुनाव प्रचार के दौरान हुई लापरवाही की वजह से हुआ है. उन्होंने बताया कि उनके बगल वाली बिल्डिंग में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. एक्ट्रेस का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान कुछ लोगों ने पटाखे फोड़े, जिसकी वजह से ये आग लगी, जो वीडियो में देखा जा सकता है. 

घर के पास वाली बिल्डिंग में लगी आग

इस घटना को देखकर डेजी काफी गुस्से में नजर आईं और उन्होंने इसे बेहद खतरनाक बताया. वीडियो में डेजी कहती हैं कि इस तरह की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है. उनका कहना है कि चुनाव प्रचार जरूरी है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि सुरक्षा को नजरअंदाज किया जाए. पटाखे फोड़ना किसी भी तरह से सही तरीका नहीं है, खासकर रिहायशी इलाकों में. इस घटना ने ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि प्रचार के नाम पर कितनी लापरवाही हो रही है.

80s की वो हसीना, जिसने 62 की उम्र में बनाए डोले-शोले, अच्छी-अच्छी एक्ट्रेस को भी दे रहीं मात, फिटनेस देख छूट जाएंगे पसीने

किसी भी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं – डेजी

डेजी ने ये भी बताया कि उनकी बिल्डिंग ठीक उसी जली हुई बिल्डिंग के बेहद पास है. अगर हालात थोड़े और बिगड़ जाते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था. उन्होंने कहा कि ये कोई प्राकृतिक आपदा नहीं थी, बल्कि इंसानों की लापरवाही का नतीजा थी. वीडियो में उनका गुस्सा साफ झलक रहा है और वे लोगों से अपील कर रही हैं कि ऐसी हरकतें बंद की जाएं. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में डेजी ने कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. 

लोग कर रहे डेजी शाह को सपोर्ट 

उन्होंने कहा कि जब चुनाव प्रचार के लिए टीमें भेजी जाती हैं, तो ये जिम्मेदारी पार्टियों की होती है कि वे समझदार लोगों को ही काम पर लगाएं. डेजी ने ये भी बताया कि उनकी बिल्डिंग कमेटी ने घर-घर जाकर प्रचार करने की इजाजत नहीं दी थी. आखिर में डेजी ने लोगों से जिम्मेदारी लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के नाम पर लोगों की जान को खतरे में डालना बिल्कुल गलत है. इतना ही नहीं, उनके वीडियो पर लोग भी डेजी की हिम्मत की सराहान और उनको सपोर्ट कर रहे हैं.