स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
भारत सरकार, विश्व के विभिन्न देशों से प्राप्त हो रही राहत सामग्री का विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तत्परता से आवंटन कर रही है ताकि कोविड का बेहतर ढंग से प्रबंधन हो सके
भारत में अब तक दुनिया के अलग-अलग देशों से कुल 6608 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3856 ऑक्सीजन सिलेंडर, 14 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, 4330 वेंटिलेटर/बीआई पीएपी और लगभग 3 लाख खुराक रेमडिसिविर की डिलिवरी की गई
Posted On: 08 MAY 2021 4:11PM by PIB Delhi
वैश्विक समुदाय ने भारत के प्रति एकजुटता और सद्भावना का प्रदर्शन करते हुए कोविड-19 महामारी से मुकाबले में भारत की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। भारत सरकार ने दुनिया के विभिन्न देशों से प्राप्त होने वाली सहायता सामग्री के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटन के लिए एक व्यवस्थित ढांचा तैयार किया है। इससे राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड उपचार केंद्रों के लिए चिकित्सा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी और अस्पतालों में भर्ती कोविड मरीजों की बेहतर देखभाल और प्रभावी नैदानिक प्रबंधन सुनिश्चित होगा।
दुनिया के विभिन्न देशों और संगठनों से 27 अप्रैल, 2021 से भारत सरकार को अंतरराष्ट्रीय सहायता और मदद के तौर पर कोविड-19 के उपचार संबंधी चिकित्सा आपूर्ति और उपकरण प्राप्त हो रहे हैं।
27 अप्रैल, 2021 से 7 मई, 2021 के बीच दुनिया के अलग-अलग देशों से भारत को अब तक कुल 6608 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3856 ऑक्सीजन सिलेंडर, 14 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट 4330 वेंटिलेटर/बीआई पीएपी और रेमडिसिविर की लगभग 3 लाख खुराक प्राप्त हो चुकी हैं।
7 मई, 2021 को भारत को यूएसआईएसपीएफ, स्विट्जरलैंड, पोलैंड, नीदरलैंड और इजरायल से प्राप्त प्रमुख सहायत सामाग्री का विवरण इस प्रकार है:
• ऑक्सीजन कंसंट्रेटर (2060),
• रेमडिसवीर (30,000),
• वेंटिलेटर्स (467),
• ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र (03)
विदेशों से प्राप्त हो रही इस राहत सामग्री को देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इसका आवंटन और उसकी आपूर्ति एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। इसकी निगरानी स्वयं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा की जा रही है।
Photo 1: अमरीका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ़) द्वारा भेजे गए 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को सरकार ने दिल्ली से असम के लिए रवाना किया
Photo 2. ऑक्सीजन उत्पादन और सिलेन्डर भरने की प्रणाली जर्मनी से प्राप्त हुई जो 360 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन कर सकता है जिसमें 93% ऑक्सीजन, चिकित्सा उपयोग में लाई जा सकती है और इसमें एक आरक्षित ऑक्सीजन टैंक भी लगा हुआ है जो 420 लीटर क्षमता का है, इसे आज सुबह डीआरडीओ के सुपुर्द कर दिया गया, जिसका डीआरडीओ अपने कोविड देखभाल केंद्र में इस्तेमाल करेगा।
Photo 3. नीदरलैंड से 112 वेंटीलेटर्स प्राप्त हुए जिन्हें दिल्ली से आज तेलंगाना के लिए रवाना किया गया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में एक समन्वित सेल का गठन किया गया है जो विदेशों से प्राप्त हो रही कोविड-19 संबंधी राहत सामग्री की प्राप्ति और इसके आवंटन के संबंध में समन्वय करेगी। इस समन्वय सेल ने 26 अप्रैल, 2021 से ही काम करना आरंभ कर दिया था। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 02 मई, 2021 से दुनिया से प्राप्त होने वाली कोविड-19 राहत सामग्री के लिए संचालन प्रक्रिया बनाई गई और क्रियान्वित भी की गई।
*****
एमजी /एएम/ डीटी / डीए
(Release ID: 1717068) Visitor Counter : 1