PSLV C62 Ayulsat OrbitAid mission: भारत अब अंतरिक्ष में एक नया मुकाम हासिल करने वाला है. अगर इसरो का PSLV-C62 रॉकेट सोमवार को ऑर्बिटएड की बनाई हुई 25 किलोग्राम वजन वाली अयुलसैट सैटेलाइट को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित कर देता है, तो भारत दुनिया का दूसरा देश बन जाएगा, जो अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट में ईंधन भरने की क्षमता रखता है. अब तक यह काम केवल चीन ने ही किया है. अमेरिका समेत कोई भी अन्य अंतरिक्ष शक्ति इसे सार्वजनिक रूप से कक्षा में पहुंचा नहीं पाई हैं.
चाइना ने नहीं दी थी पूरी जानकारी
पिछले साल चीन ने ऑन-ऑर्बिट री-फ्यूलिंग का एक प्रयोग जरूर किया था, लेकिन उसके बारे में बहुत कम जानकारी साझा की गई थी. आधिकारिक तौर पर भी विवरण साफ नहीं हैं. अमेरिका की एक निजी कंपनी एस्ट्रोस्केल इस तकनीक पर काम कर रही है, लेकिन उसका मिशन अभी लॉन्च नहीं हुआ है. ऐसे में ऑर्बिटएड का यह प्रयास भारत को इस खास तकनीक की दौड़ में सबसे आगे खड़ा कर सकता है.
अयुलसैट किसी दूसरे सैटेलाइट में ईंधन नहीं भरेगा. इसे खास तौर पर एक टारगेट सैटेलाइट के रूप में तैयार किया गया है. इसका मकसद अंतरिक्ष के माहौल में ईंधन के व्यवहार को समझना है. इस मिशन में एक ही सैटेलाइट के भीतर ईंधन ट्रांसफर की प्रक्रिया को परखा जाएगा. इससे इंजीनियर यह जान सकेंगे कि माइक्रोग्रैविटी यानी शून्य गुरुत्वाकर्षण जैसी स्थिति में तरल ईंधन कैसे काम करता है.
भारत ने अपनाया सरल तरीका
आम तौर पर सैटेलाइट सर्विसिंग मिशन में दो अलग-अलग अंतरिक्ष यान शामिल होते हैं, जो काफी जटिल होते हैं. ऑर्बिटएड ने पहले चरण में इस जटिलता से बचते हुए सरल तरीका अपनाया है. कंपनी के संस्थापक और सीईओ शक्तिकुमार आर के मुताबिक, लॉन्च के करीब चार घंटे के भीतर पहली बार ईंधन भरने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है. यह अपने आप में एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि होगी.
अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में सैटेलाइट की उम्र बढ़ाई जा सकेगी. उन्हें बार-बार बदलने की जरूरत कम होगी. इससे अंतरिक्ष मिशन सस्ते और ज्यादा टिकाऊ बन सकते हैं. भारत के लिए यह उपलब्धि न सिर्फ तकनीकी मजबूती दिखाएगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी पहचान को भी और मजबूत करेगी.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’
