Aravalli Hills Mining Order: भारत की सबसे पुरानी पहाड़ी रेंज में से एक अरावली चर्चा में है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा है कि अरावली से जुड़ा नया सरकारी आदेश अगर जमीन पर लागू हुआ तो इसके असर बहुत खतरनाक हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि अरावली पहाड़ियां दिल्ली, हरियाणा और पूरे एनसीआर को थार रेगिस्तान से आने वाली रेत से बचाती हैं. यह इलाका आसपास के राज्यों की खेती और मौसम के संतुलन में भी बड़ी भूमिका निभाता है.
बता दें कि पवन खेड़ा ने साफ शब्दों में कहा कि अरावली से छेड़छाड़ करने का मतलब पूरे क्षेत्र के पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना है. उनके मुताबिक अगर अरावली कमजोर हुई, तो इसका असर सिर्फ एक राज्य तक नहीं रहेगा बल्कि कई राज्यों और देश के बड़े हिस्से पर पड़ेगा.
सचिन पायलट ने भी चिंता जताई
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी अरावली को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि अरावली पूरी NCR की रक्षा करती है. अगर यहां अवैध खनन चलता रहा, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए कुछ भी नहीं बचेगा. सचिन पायलट ने बताया कि 26 तारीख को जयपुर में छात्र संगठनों और पार्टी नेताओं के साथ मिलकर अरावली को बचाने के लिए एक मार्च निकाला जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट का क्या कहना है?
इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की ओर से दी गई अरावली की परिभाषा को स्वीकार किया है. इस परिभाषा के अनुसार जिन पहाड़ियों की ऊंचाई 100 मीटर से कम है. उन पर खनन से जुड़ी सख्त पाबंदियां लागू नहीं होंगी. हालांकि कोर्ट ने यह भी कहा कि अरावली में खनन को लेकर साफ नियम होने चाहिए.
क्यों लगी नए खनन पर रोक?
सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही पर्यावरण मंत्रालय को आदेश दिया था कि पूरे अरावली क्षेत्र के लिए टिकाऊ खनन योजना बनाई जाए. इसी के तहत कोर्ट ने कहा कि जब तक यह योजना पूरी तरह तैयार नहीं हो जाती तब तक किसी भी नई खनन लीज को मंजूरी नहीं दी जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि यह कदम फिलहाल पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए उठाया गया है.
बता दें कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने भी साफ किया है कि सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के मुताबिक, जब तक एक सही से अध्ययन नहीं हो जाता तब तक नई खनन लीज नहीं दी जाएंगी. इसका मकसद अरावली क्षेत्र में अवैध और अनियंत्रित खनन को रोकना है.
अरावली का महत्व क्यों?
अरावली पर्वत श्रृंखला करीब 670 किलोमीटर लंबी है. यह दिल्ली से शुरू होकर हरियाणा और राजस्थान होते हुए गुजरात तक जाती है. इसकी सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर है. राजस्थान के माउंट आबू में स्थित है. माना जाता है कि अरावली करीब दो अरब साल पुरानी है और यह भारत की सबसे पुरानी पहाड़ी श्रृंखला है. यही वजह है कि इसे बचाना सिर्फ पर्यावरण ही नहीं बल्कि देश की विरासत को बचाने जैसा माना जाता है.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में कांग्रेस किसकी बनेगी ‘स्ट्रॉबेरी’? अजित पवार ने लगाया कांग्रेस को फोन, तो राउत ने की राहुल से बात; क्यों मची है सियासी खलबली
