News in Brief

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और जमीन से जुड़े हुए जन नेता श्रीमान अजित दादा पवार का एक विमान एक्सीडेंट में बहुत ही दुखद निधन हुआ है. समूचे महाराष्ट्र में बहुत ही दुख का वातावरण तैयार हुआ है. हम सभी के लिए इस प्रकार के जन नेता को खोना एक अपूरणीय क्षति है… भावुक होकर दबी जुबान में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार को श्रद्धांजलि दी है. दरअसल, महाराष्ट्र की महायुति सरकार में सहयोगी के तौर पर डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन भाजपा के साथ-साथ सीएम देवेंद्र फडणवीस के लिए सबसे बड़ा झटका है. 

सीएम ने कहा भी कि वह मेरे दिलदार और दमदार मित्र थे. दरअसल, फडणवीस के दोनों डिप्टी में से अजित का रोल खास था. डिप्टी सीएम शिंदे को हार्ड बार्गेनर (सख्त मोलभाव करने वाला) माना जाता है मतलब वह किसी चीज के लिए आसानी से राजी नहीं होते हैं. ऐसे में एकनाथ शिंदे को लेकर सीएम खुद अजित पर निर्भर रहते थे. अब अजित के न होने से महाराष्ट्र की राजनीति में उथल-पुथल देखने को मिल सकती है. आगे एनसीपी के दोनों गुटों के विलय होने की संभावना भी बढ़ गई है. अगर ऐसा हुआ तो स्टेट की पॉलिटिक्स में भाजपा की बादशाहत को नुकसान पहुंच सकता है. पहले फडणवीस को सुनिए फिर असर समझिए. 

बिना अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति पर क्या असर होगा?

– इस चौंकाने वाले घटनाक्रम का असर सत्ताधारी महायुति गठबंधन के साथ-साथ एनसीपी के दोनों गुटों पर भी पड़ेगा. आने वाले समय में अजित के गुट और उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (एसपी) के विलय होने की संभावना बढ़ गई है. निकाय चुनाव के समय अजित पवार ने इशारा भी कर दिया था. 

– अब फडणवीस के लिए एकनाथ शिंदे को अपनी बात मनवाने के लिए राजी करने में मुश्किल आ सकती है. पहले यह काम अजित दादा करते थे. ऐसे में फडणवीस और भाजपा, शिंदे पर अपना प्रभाव खो सकते हैं.

– वो दोस्ती फडणवीस को याद होगी: नवंबर 2019 में विधानसभा चुनावों में त्रिशंकु रिजल्ट आने के बाद गैर-भाजपा सरकार अचानक बन गई थी. अविभाजित शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बीच बातचीत चल ही रही थी कि एक रोज सुबह-सुबह राजभवन में फडणवीस और अजित पवार दोनों ने शपथ ले ली. यह घटनाक्रम बताता है कि दोनों नेताओं में केमिस्ट्री कितनी मजबूत रही होगी. वो बात अलग है कि कुछ ही समय बाद शरद पवार भतीजे को महा विकास अघाड़ी गठबंधन में वापस लाने में कामयाब रहे. इससे उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बन गए. 

पढ़ें: अजित दादा के बिना महाराष्ट्र की राजनीति बेरंग होगी… भावुक संजय राउत बोले, एक बात का अफसोस रहेगा

– महाराष्ट्र की राजनीति को समझने वाले बताते हैं कि फडणवीस हमेशा अजित को एक भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगी मानते थे. उन्होंने महायुति सरकार में शिंदे को साथ रखने में मदद की. 

– कुछ रिपोर्टों में शिंदे गुट के हवाले से दावा किया जाता है कि अगर फडणवीस और अजित की दोस्ती अच्छी नहीं होती तो नवंबर 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद वही (शिंदे) सीएम होते. 

पढ़ें: पहली बार लैंडिंग कैंसल, फिर बड़ा चक्कर लगाया… अजित पवार के प्लेन क्रैश की पता चली शुरुआती वजह

– बताते हैं कि अजित पवार का एनडीए में शामिल होना पूरी तरह से फडणवीस का कदम था. BJP का केंद्रीय नेतृत्व इससे ज्यादा खुश नहीं था. भाजपा नेतृत्व हमेशा शरद पवार को अपने खेमे में लाने के लिए उत्सुक रहा है. 

– नवंबर 2024 के चुनावों के बाद भाजपा ने 288 सीटों में से 132 सीटें जीतीं, शिंदे की पार्टी को 57 और अजित पवार की एनसीपी को 41 सीटें मिलीं. शिंदे ने फिर से मुख्यमंत्री बनने के लिए दावा जताना शुरू कर दिया था. वह अपनी शर्तों पर डील करना चाहते थे. हालांकि अजित पवार की मदद से फडणवीस ने मुश्किल से उन्हें मनाया. इस साल बीएमसी चुनाव के बाद भी मेयर पोस्ट को लेकर शिंदे किंगमेकर बनकर उभरे हैं और बीजेपी पर प्रेशर बनाने लगे.