News in Brief

Germany Visa Free Transit: जर्मनी सरकार ने भारतीय पासपोर्ट रखने वाले यात्रियों के लिए वीजा-फ्री ट्रांजिट की सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है. इसका मतलब यह है कि अब भारत से यात्रा करने वाले लोग अगर किसी तीसरे देश में जा रहे हैं, उनका रास्ता जर्मनी के एयरपोर्ट से होकर जाता है, तो उन्हें अलग से ट्रांजिट वीजा के लिए आवेदन नहीं करना होगा. इससे समय बचेगा और कागजी झंझट भी कम होगी.

भारत-जर्मनी बैठक के बाद ऐलान
यह फैसला भारत और जर्मनी की साझा घोषणा में सामने आया है. यह घोषणा जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की भारत यात्रा के बाद की गई है. मर्ज 12 से 13 जनवरी तक भारत के दौरे पर हैं. यह उनकी भारत की पहली और एशिया की भी पहली आधिकारिक यात्रा है.

पीएम मोदी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले के लिए जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का धन्यवाद किया है. दोनों नेताओं ने कहा कि इस कदम से भारतीय नागरिकों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी. दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी जुड़ाव और मजबूत होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

रिश्ते होंगे और मजबूत
भारत और जर्मनी ने माना कि दोनों देशों के रिश्तों की सबसे मजबूत कड़ी लोगों के बीच का जुड़ाव है. साझा बयान में कहा गया कि छात्रों, रिसर्च करने वालों, कामगारों, कलाकारों और पर्यटकों का आना-जाना लगातार बढ़ रहा है. जर्मनी में रहने वाला भारतीय समुदाय वहां की अर्थव्यवस्था, नई तकनीक और संस्कृति में अहम भूमिका निभा रहा है.

शिक्षा और रोजगार पर खास चर्चा
इस बैठक में शिक्षा और कौशल विकास पर भी खास बात हुई है. दोनों देशों ने माना कि जर्मनी में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. साथ ही भारत और जर्मनी के विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त डिग्री और डुअल डिग्री प्रोग्राम भी बढ़ रहे हैं.

बता दें कि नेताओं ने उन योजनाओं का स्वागत किया है जिनसे भारतीय छात्रों और पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को जर्मनी में नौकरी पाने में मदद मिलती है. इसके अलावा भारत के आईआईटी और जर्मनी की तकनीकी यूनिवर्सिटी के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है.

भारत में जर्मन यूनिवर्सिटी खोलने का न्योता
प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी की नामी यूनिवर्सिटियों को भारत में अपने कैंपस खोलने का न्योता दिया है. यह काम भारत की नई शिक्षा नीति के तहत किया जा सकता है. दोनों देशों ने मिलकर उच्च शिक्षा के लिए एक खास रोडमैप बनाने पर भी सहमति जताई है.

यह भी पढ़ें: एक गलती पर बैंक खाते से सीधे पैसा काट लिया जाएगा, कांग्रेस सरकार लेने जा रही बड़ा फैसला