
Abhishek Banerjee ‘borrows’ CM Hemant Soren’s aircraft: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन सियासी प्रचार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की रामपुरहाट की जनसभा के लिए जब प्रशासन ने उनके चॉपर को उतरने की मंजूरी नहीं दी तो इस एपिसोड को लेकर उन्होंने बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा, ‘चुनावी रैली में पहुंचने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हेलीकॉप्टर ‘उधार’ लेना पड़ा, क्योंकि उनके अपने हेलीकॉप्टर को प्रशासन ने उड़ने की अनुमति (क्लीयरेंस) नहीं दी थी.’
मुझे रोक न पाएगी बीजेपी: बनर्जी
बनर्जी ने चॉपर को मंजूरी न मिलने के घटनाक्रम को बीजेपी का सियासी हथकंडा बताते हुए कहा कि ऐसे तरीकों से बीजेपी वाले उन्हें रोक नहीं सकते हैं. रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘देरी के लिए मैं माफी चाहता हूं. चुनाव अभी शुरू भी नहीं हुए हैं, लेकिन एसआईआर के जरिए बीजेपी ने अपने सियासी हथकंडे इस्तेमाल करने शुरू कर दिए हैं. मेरे हेलीकॉप्टर को क्लीयरेंस नहीं दिया. अगर बीजेपी ये समझती है कि ऐसे हथकंडों से मुझे रोका जा सकता है, तो वो मुगालते में है, मैं उनसे दस गुना ज्यादा जिद्दी हूं. जब मेरे हेलीकॉप्टर को अनुमति नहीं मिली, तो मैंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की और उनकी व्यवस्था से इस बैठक में पहुंचा.’
टीएमसी का आरोप
इससे पहले सत्तारूढ़ टीएमसी ने दावा किया था कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने अभिषेक बनर्जी के हेलीकॉप्टर को कोई मंजूरी नहीं दी. पार्टी के मुताबिक, बीरभूम के रामपुरहाट में जनसभा को संबोधित करने के लिए जिस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया, वह हेमंत सोरेन से बातचीत के बाद झारखंड सरकार की मदद से उपलब्ध कराया गया. पार्टी ने यह भी कहा कि हेलीकॉप्टर ‘किराये’ पर लिया गया था.
ये भी पढ़ें- ‘ट्रंप से इतने डरते क्यों हो, नाम लेते ही पड़ जाते हो ठंडे…’, ओवैसी का बीजेपी पर करारा हमला
‘आबर जीतबे बांग्ला’
‘आबर जीतबे बांग्ला’ अभियान के तहत अलीपुरद्वार की रैली संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने मतदाताओं से ईवीएम के जरिए बीजेपी को सबक सिखाने की अपील की. बनर्जी ने कहा, बीजेपी सांप की तरह है. आप अपने आंगन में एक या अठारह सांप पालेंगे, तो अंत में वह काटेगा ही. इसलिए सुनिश्चित करें कि अलीपुरद्वार में कोई सांप न रहे. विधानसभा चुनावों में कतार में खड़े होकर ईवीएम से उन्हें सबक सिखाएं. जो लोग संविधान बदलना चाहते हैं, वे आखिरकार सत्ता से बाहर होंगे.’
