News in Brief

Mehbooba Mufti accuses Ajit Doval: अपने कट्टरपंथी विचारों के लिए चर्चित जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने एक बार फिर भड़काऊ बयान दिया है. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के शनिवार को एक कार्यक्रम में दिए गए भाषण को अपने हिसाब से तोड़-मरोड़कर महबूबा ने उन पर खूब आग उगली. महबूबा ने आरोप लगाया कि एनएसए का देश को अंदरुनी और बाहरी खतरों से बचाना होता है. लेकिन वे मूल काम करने के बजाय देश के लोगों को अल्पसंख्यकों के खिलाफ भड़काने में लगे हैं.

‘डोभाल जैसे अधिकारी सांप्रदायिक विचारधारा…’

महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर पोस्ट शेयर करके कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल जैसे उच्च पदस्थ अधिकारी, जिनकी मूल जिम्मेदारी देश को आंतरिक और बाहरी खतरनाक साजिशों से बचाना है. वे नफरत की सांप्रदायिक विचारधारा का साथ दे रहे हैं. उन्होंने मुसलमानों के खिलाफ हिंसा को सामान्य बनाने का प्रयास किया है.’ 

Add Zee News as a Preferred Source

जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम ने कहा, ‘इस जमाने में सदियों पुरानी घटनाओं का बदला लेने की बात करना महज एक ‘डॉग व्हिसल’ (संकेतात्मक उकसावा) है. यह गरीब और अशिक्षित युवाओं को उकसाने का काम करता है ताकि वे उस अल्पसंख्यक समुदाय पर हमला करें. यह समुदाय पहले से ही हर तरफ से हमलों और दबाव का सामना कर रहा है.’

‘चुनौतियों का सामना कर रहा मुस्लिम समाज’

महबूबा ने अपनी भड़ास निकालते हुए कहा, ‘राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का यह बयान न केवल संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और धर्मनिरपेक्षता को भी गहरी चोट पहुंचाता है. जब कोई इतना बड़ा अधिकारी प्राचीन इतिहास के आधार पर ‘बदला’ लेने की बात करता है, तो यह सीधे-सीधे सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देता है. इससे समाज के कमजोर वर्गों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा होती है.’

पीडीपी मुखिया ने आजमाया हुआ विक्टिम कार्ड खेलते हुए कहा, ‘मुस्लिम समुदाय पहले से ही विभिन्न मोर्चों पर चुनौतियों का सामना कर रहा है. फिर चाहे वह सामाजिक बहिष्कार हो, आर्थिक दबाव हो या कानूनी-प्रशासनिक कठिनाइयां. ऐसे में उच्च पदाधिकारी द्वारा ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना जिम्मेदारी से पूरी तरह विपरीत है. यह युवा पीढ़ी को गलत दिशा में ले जाता है और देश की प्रगति के बजाय विभाजन को बढ़ावा देता है.’

देश के NSA को बिना मांगे सलाह देते हुए महबूबा ने लिखा, ‘देश की सुरक्षा और एकता की रक्षा करने वाले व्यक्ति को सभी समुदायों के बीच विश्वास बनाए रखना चाहिए, न कि नफरत फैलाने वाली विचारधारा को मजबूत करना. डोभाल के इस बयान से लगता है कि वे अपने संवैधानिक कर्तव्य से भटक गए हैं. यह समय है कि ऐसे बयानों पर गंभीरता से विचार किया जाए, जिससे देश में शांति और सद्भाव बना रहे.’

‘इतिहास का बदला लेना होगा’

बताते चलें कि NSA अजीत डोभाल ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाषण दिया था. इसमें उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का इतिहास बेबसी और अपमान से भरा रहा है. हमें अपने अतीत का बदला लेकर भारत को फिर महान बनाना होगा. लेकिन यह बदला किसी पर हमला करके नहीं बल्कि भारत को आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और सैन्य रूप से महाशक्ति बनाकर होगा. जिससे फिर दोबारा से कोई विदेशी हमलावर भारत पर बुरी नजर डालने की हिम्मत न जुटा सके. 

अपने इस भाषण में डोभाल ने किसी देश या मजहबी-जातीय समुदाय को निशाना बनाने की बात नहीं की थी. उनका सीधा संदेश भारत को फिर से शक्तिशाली बनाने पर था. लेकिन विवादित बयानों में माहिर महबूबा मुफ्ती ने डोभाल के बयानों में से ‘इतिहास का बदला लेना होगा’ को उठाया और उसके आधार पर मुस्लिमों को निशाना बनाने के आह्वान की कहानी बुन दी. हालांकि सच क्या है, ये बात सब जानते हैं.