News in Brief

असम में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल तेजी से गरमाता जा रहा है. कांग्रेस के असम प्रदेश अध्यक्ष और जोरहाट से सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला है.उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने मीडिया के सामने उनके बच्चों से जुड़ी निजी जानकारियां उजागर कर दीं, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है. इसके साथ ही गौरव गोगोई ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के परिवार ने राज्य में करीब 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है. समझते हैं पूरी कहानी.

गोगोई का सीएम पर सीधा हमला: बच्चों की प्राइवेसी तोड़ी
ANI के मुताबिक, गोगोई ने सीएम पर पलटवार सोमवार को किया और उस आरोपों पर जवाब दिया जिसमें सरमा ने SIT रिपोर्ट जारी करके गोगोई पर पाकिस्तान से लिंक होने के आरोप लगाए थे. जिसके बाद गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को खरी-खरी सुना दी.  गोगोई ने कहा कि सीएम ने उनके बच्चों की पर्सनल जानकारी मीडिया में लीक करके हद पार कर दी है “वो इतने नीचे गिर गए कि मेरे बच्चों की डिटेल तक लीक कर दी. हमें भी उनके बच्चों के बारे में पता है, लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे. ये साबित करता है कि वो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं.” उन्होंने ये भी जोड़ा कि सरमा की ये हरकत असम को शर्मसार कर रही है. “क्यों फर्जी खबरें फैला रहे हैं? सुप्रीम कोर्ट को खुद संज्ञान लेकर केस चलाना चाहिए.” 

“सीएम की कुर्सी के योग्य नहीं”
गुवाहाटी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरव गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस स्तर तक जाकर राजनीति की है, उसने पूरे असम को शर्मसार किया है.
गोगोई ने कहा, “उन्होंने मेरे बच्चों की जानकारी तक सार्वजनिक कर दी.हम भी उनके बच्चों के बारे में जानते हैं, लेकिन कभी ऐसी हरकत नहीं करेंगे.इससे साफ है कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी के लायक नहीं हैं.” उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में सुओ मोटो संज्ञान लेने की अपील भी की.

Add Zee News as a Preferred Source

‘पाक एजेंट’ आरोपों को बताया बेबुनियाद
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक विशेष जांच टीम (SIT) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए गौरव गोगोई, उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई और एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच “गहरे संबंध” होने का दावा किया था. इस पर पलटवार करते हुए गोगोई ने कहा कि SIT छह महीने में कोई भी ठोस सबूत पेश नहीं कर पाई. उन्होंने कहा, “ढाई घंटे की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री एक भी ऐसा सबूत नहीं दिखा पाए, जिससे साबित हो कि मैं किसी दूसरे देश का एजेंट हूं.”

छह महीने तक क्यों चुप रहे सीएम?
गौरव गोगोई ने सवाल उठाया कि अगर यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा था, तो मुख्यमंत्री पिछले छह महीने तक चुप क्यों रहे. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता और सीएम के परिवार द्वारा 12,000 बीघा जमीन पर कब्जे के खुलासे के बाद यह मुद्दा उछाला गया.

SIT रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
गोगोई ने साफ किया कि वह जांच से नहीं भाग रहे हैं और SIT के साथ पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, “मैं राजनीति में लोगों की समस्याएं उठाने आया हूं.फैसला असम की जनता करेगी.”

कांग्रेस नेताओं का भी हमला
कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस को “प्रोपेगेंडा” और “राजनीतिक सिनेमा” बताया. उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक पहले भाजपा जानबूझकर ऐसे मुद्दे उठा रही है, जैसे केरल स्टोरी या कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्मों की तर्ज पर डर का माहौल बनाया जाए.

पाकिस्तान दौरे पर पलटवार
बोरदोलोई ने याद दिलाया कि 2005 में लालकृष्ण आडवाणी पाकिस्तान गए थे और 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लाहौर गए थे.
उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान जाना अपराध है, तो फिर यह कहानी सब पर लागू होनी चाहिए. गोगोई को पाक एजेंट बताना पूरी तरह हास्यास्पद है.”

केंद्र को सौंपा जाएगा मामला
इस बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि राज्य कैबिनेट ने इस मामले को केंद्रीय एजेंसी को सौंपने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री के अनुसार, गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ ने 2011–12 के दौरान पाकिस्तान में काम किया था और उसी दौरान उनके कथित संबंध बने.