pm modi in assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुवाहाटी के पास्चिम बोरागांव स्थित शहीद स्मारक क्षेत्र का दौरा किया और असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है. इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास की नई राहें खुल रही हैं. उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रेम को इस क्षेत्र के सतत विकास में प्रेरणा का स्रोत बताया है.
25 मेधावी छात्रों से ब्रह्मपुत्र नदी के क्रूज पर मिलेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के तहत असम के 25 मेधावी छात्रों से ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज के माध्यम से संवाद करेंगे. इस अनूठे संवाद से छात्रों को प्रेरणा देने और आगामी परीक्षाओं के लिए उन्हें मार्गदर्शन देने का प्रयास किया जाएगा. यह कार्यक्रम छात्रों और प्रधानमंत्री के बीच सीधे संवाद का एक अनोखा अवसर प्रदान करेगा.
fertilizer plant का शिलान्यास
पीएम मोदी ने दिन के दूसरे हिस्से में डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप में 12.7 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाले उर्वरक संयंत्र का शिलान्यास किया है. इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में उर्वरक उत्पादन को मजबूत करना और कृषि विकास को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में कृषि और उद्योग के विकास को नई दिशा देगी.
शनिवार को पीएम मोदी ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बड़ोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया है. इसके साथ ही उन्होंने नई टर्मिनल परिसर के प्रवेश द्वार पर भारत रत्न लोकप्रिय गोपीनाथ बड़ोलोई की प्रतिमा का अनावरण किया और असम के पहले मुख्यमंत्री एवं महान नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की है.
प्रधानमंत्री ने उद्घाटन समारोह में कहा कि आधुनिक हवाई अड्डे और एडवांस कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर किसी भी राज्य के लिए नई संभावनाओं और अवसरों के द्वार खोलते हैं. उन्होंने कहा कि जब लोग असम में भव्य सड़क और हवाई अड्डों का निर्माण देखते हैं, तो उन्हें महसूस होता है कि असम के लिए वास्तविक न्याय और विकास की राह शुरू हो चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि यह नया अध्याय असम के सतत विकास और प्रगति का प्रतीक है.
