Raj Thackrey on RSS Programme: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हाल में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सौ साल पूरे होने पर आयोजित समारोह में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी. RSS के इस बड़े इवेंट में सलमान खान, अक्षय कुमार, प्रीतम, अनन्या पांडेय, करण जौहर के साथ तमाम लोग शामिल हुए थे. इस इवेंट और इन दिग्गज हस्तियों के इसमें शामिल होने को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज ठाकरे ने RSS चीफ पर निशाना साधा है. राज ठाकरे ने कहा कि आरएसएस के इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाने माने लोग अपने मन से नहीं गए थे, वहां पर इन लोगों के पहुंचने की मुख्य वजह पीएम नरेंद्र मोदी का डर है.
दरअसल, मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज ठाकरे ने एक पोस्ट किया. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि आरएसएस के मुंबई वाले इवेंट में अलग-अलग क्षेत्र के कई जानी मानी हस्तियां शामिल हुईं. इनमें से कुछ असल में आए थे. लेकिन में मैं मोहन भागवत को साफ बताना चाहता हूं कि वे आपसे प्यार के वजह से नहीं आए थे. वे पीएम मोदी की सरकार के डर से आए थे. अगर ऐसा नहीं होता, तो इससे पहले ये लोग इतने बोरिंग और ऊबाऊ भाषण में क्यों नहीं आए? उन्होंने पोस्ट में कहा कि RSS चीफ को गलतफहमी से दूर रहना चाहिए कि वह आपके लिए यहां पर आए थे.
RSS चीफ पर राज ठाकरे का कटाक्ष
अपने इस पोस्ट में आरएसएस के इस कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए कटाक्ष किया. राज ठाकरे ने कहा कि 8 फरवरी 2026 को मुंबई में इस इवेंट में आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने कहा कि भाषा पर जोर देना और उसके लिए आंदोलन करना एक बीमारी है. सबसे पहले हम मानते हैं कि मोहन भागवत को पता होना चाहिए कि देश में भाषा के आधार पर राज्यों का पुनर्निर्माण क्यों जरूरी हो गया है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर मोहन भागवत को अपने इलाके और अपनी भाषा से प्यार बीमारी लगती है, तो हम बताना चाहते हैं कि बीमारी इस देश के अधिकांश राज्यों में फैली हुई है.
यह भी पढ़ें: ‘लीकर’ को कितनी सजा? जनरल नरवणे की किताब पर सस्पेंस, पब्लिशर ने कहा- हमने छापी ही नहीं
राज ठाकरे ने और क्या कहा?
राज ठाकरे ने कहा कि कर्नाटक से लेकर दक्षिण में तमिलनाडु तक भाषा और प्रांतों की मजबूत पहचान है. बंगाल, पंजाब और गुजरात में भी यही भावना है. उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि क्या मोहन भागवत ने यह समझने की कोशिश की है कि असल भावना क्या है? जब चार या पांच राज्यों से बड़े ग्रुप एक साथ दूसरे राज्यों में चले जाते हैं, वहां से घमंड से पेश आते हैं वह के कल्चर को नकारते हैं, वहां की भाषा का अपमान करते हैं और अपना वोट बैंक बनाते हैं, तो वहां के लोगों में गुस्सा बढ़ता है, जिससे गुस्सा भड़कता है. आप इसको बीमारी नहीं कह सकते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि जब यूपी और बिहार के लोगों को गुजरात से निकाला गया, तो आप वहां जाकर मेलजोल का पाठ क्यों नहीं पढ़ाते थे? ऐसा इसलिए नहीं कि मराठी लोग टॉलरेट हैं बल्कि इसलिए क्यों कि यहां के शासक बिना किसी रीढ़ के हैं. यही कारण है कि मोहन भागवत यहां पर इस तरीके से बोल पाते हैं.
RSS के 100 साल पूरे होने पर भव्य कार्यक्रम
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 साल पूरे होने पर मुंबई में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया था. इस दौरान आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि समाज में अच्छे संस्कार और सही सोच को बढ़ावा देना काफी जरूरी है. वहीं, देश के युवाओं के लिए अच्छा रोल मॉडल बनना भी जरूरी है.
यह भी पढ़ें: एडविना और नेहरू के बीच कैसा संबंध था? भाजपा सांसद ने लोकसभा में जिस किताब की जिल्द दिखाई, अंदर क्या लिखा है
