IndiGo Flight Bomb Threat: रविवार की सुबह जब इंडिगो की एक प्लाइट ने उड़ान भरी तो यह किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि बीच सफर में ही मौत का साया मंडराने लगेगा. दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 में तब अफरा-तफरी मच गई जब क्रू को विमान के टॉयलेट में एक छोटा सा टिशू पेपर मिला. उस कागज के टुकड़े पर मात्र तीन शब्द लिखा था Bomb on Board. इन मैसेज ने न केवल पायलटों के होश उड़ा दिए बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर डाल दिया. विमान में मौजूद 222 यात्रियों की जान दांव पर थी. खतरे को देखते हुए फ्लाइट को तुरंत डायवर्ट कर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 के वॉशरूम में बम होने की खबर मिली. जिसके बाद फ्लाइट को तुरंत डायवर्ट कर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
टॉयलेट पेपर पर लिखा था Bomb
मीडिया रिपोर्ट और शुरुआती जांच में सामने आया है कि फ्लाइट के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में एक टिशू पेपर मिला. इस पर हाथ से लिखा गया था Bomb on Board. जैसे ही क्रू को यह मैसेज मिला तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC को जानकारी दी गई और सुबह 9:17 बजे विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया.
इस बात से और बढ़ गई थी चिंता
सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता की बात और बढ़ गई जब यह जानकारी मिली की विमान के लगेज कंपार्टमेंट में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं और रेडियोएक्टिव मटेरियल भी रखा है, जो कि एनओसी के साथ पैक था. इस खतरनाक स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी यानी BTAC का गठन किया गया है.
सभी 222 यात्री सुरक्षित
इस फ्लाइट में कुल 222 यात्री, 8 बच्चे और क्रू के 7 मेंबर सवार थे. जो पूरी तरह से सेफ हैं. लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड पूरे विमान की तलाशी ले रहे हैं.
ये भी पढे़ंः जिसपर किया भरोसा वही निकला चोर! सांसद मनोज तिवारी के घर से लाखों उड़ाने वाला कौन?
इस मामले को लेकर इंडिगो के स्पोकपर्सन ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया. हम जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं. यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और उन्हें रिफ्रेशमेंट व अन्य जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं.
ये भी पढे़ंः मुंबई का मेयर कौन होगा? शिवसेना-बीजेपी गठबंधन में 2.5 साल के कार्यकाल पर लड़ाई
विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने भी कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य और कंट्रोल में है. मामले में आगे की जांच जारी है. इस घटना के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा. सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि बम की सूचना देने वाले की तलाश की जा रही है. विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. जल्द ही झूठी सूचना देने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
