
Weather report of North India: उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड बढ़ने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार देर रात से बहुत ठंडी और सूखी हवा मैदानों की ओर बढ़ रही है. इसके साथ तेज उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी. इनकी रफ्तार 15 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. इससे कई राज्यों में रात के तापमान में तेज गिरावट आएगी. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. यह गिरावट 24 से 26 जनवरी के बीच देखी जाएगी.
नीचे जाएगा तापमान?
दिन में धूप रहने के बावजूद ठंड कम नहीं होगी. अधिकतम तापमान भी नीचे ही रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान दिन का तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. यानी दिन में भी ठिठुरन बनी रहेगी. तेज हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा महसूस होगी. लोगों को सुबह और रात के समय ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधि फिलहाल कुछ कम होगी. मौसम विभाग ने कहा है कि 24 और 25 जनवरी को इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी छिटपुट जगहों पर होगी. लेकिन 27 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत में फिर से बारिश और बर्फबारी बढ़ेगी. 27 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 28 जनवरी को कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है.
3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक होगा कम
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसी दौरान आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है. इससे ठंड और तेज हो जाएगी.
कोहरे की भी चेतावनी जारी की गई है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 से 26 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा पड़ सकता है. हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 जनवरी को कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान में बने कम दबाव के क्षेत्र और ऊपरी हवा में तेज धाराओं की वजह से यह बदलाव हो रहा है.
ये भी पढ़ें: क्या है मुस्लिम ब्रदरहुड? अमेरिका ने घोषित किया आतंकवादी संगठन; UAE खुश, तुर्की के लिए बड़ा झटका
