News in Brief

Maharashtra News: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का गुरुवार को बारामती में एक विमान हादसे में निधन हो गया. अचानक उनके निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है. अजित पवार का निधन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक बड़ा झटका है. एनसीपी मुखिया के जाने के बाद पार्टी के भविष्य पर कई सवाल खड़े होने लगे हैं. हालांकि, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को अजित पवार का सियासी उत्तराधिकारी बनाने की बात पार्टी नेताओं की ओर से चल रही है. 

दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य मंत्रालय में शामिल करने का विचार कर रही है. गुरुवार को एनसीपी के एक वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी जीरवाल ने कहा कि जनता की भावना सुनेत्रा पवार को राज्य सरकार में शामिल करने के पक्ष में है. 

सुनेत्रा पवार संभालेंगी एनसीपी?

Add Zee News as a Preferred Source

उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी के भविष्य को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में नरहरी जीरवाल ने कहा कि लोगों की स्पष्ट मांग है कि सुनेत्रा पवार को मंत्रालय की जिम्मेदारी देनी चाहिए. बता दें कि अजित पवार की पत्नी को ‘वाहिनी’ के नाम से भी जाना जाता है. एनसीपी नेता का ये बयान ऐसे समय पर आया है, जब पवार के निधन के बाद एनसीपी के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म होने लगा था. कई लोगों ने सवाल किया था कि क्या उपमुख्यमंत्री के निधन के बाद  एनसीपी शरद पवार के खेमे से जुड़ जाएगी? 

बड़े नेताओं ने की सुनेत्रा पवार से मुलाकात

मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनीस तटकरे सहित एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के नेतृत्व उत्तारधिकार और राजनीति पर आंतरिक परामर्श के तहत सुनेत्रा पवार के साथ बैठकें की हैं. वहीं, महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री ने कहा कि उपचुनाव में सुनेत्रा पवार अजित पवार की खाली बारामती सीट से चुनाव लड़ सकती हैं. जानकारी हो कि इस चुनाव के माध्यम से वह औपचारिक रूप से अपना कदम रखेंगी. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाने का भी प्रस्ताव है. ऐसा इसलिए क्योंकि अजित पवार वर्तमान में महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री थे. 

यह भी पढ़ें: ‘एक नहीं कई वजहें हैं…’, बारामती प्लेन हादसे पर क्या-क्या बोले पूर्व IAF पायलट?

एनसीपी (SP) में होगा अजित पवार की पार्टी का विलय? 

गौरतलब है कि अजित पार्टी के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट और शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी (एसपी) के बीच संभावित विलय के सवाल पर कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि फिलहाल इस प्रकार की चर्चा कोई मतलब नहीं है. हालांकि, नगरनिगम चुनावों के परिणामों के बाद से ही परदे के पीछे से बातचीत चल रही है. हालांकि. जिरवाल ने कहा कि पार्टी के भीतर चल रहे कुछ मतभेद को काफी हद तक दूर कर लिया गया है. पार्टी के नेताओं ने भी महसूस किया है कि खंडित होने से कोई लाभ नहीं होने वाला है. 

यह भी पढ़ें: डिप्टी सीएम अजित पवार थे प्लेन में फिर भी पायलट को बारामती में मैनुअल लैंडिंग के लिए क्यों कहा गया था?