70 साल की कल्पना अय्यर ने हाल ही में एक फैमिली वेडिंग में अपने मशहूर गाने ‘रंबा हो हो हो’ पर डांस करके सबको हैरान कर दिया. इस दौरान उनकी एनर्जी और ग्रेस देख कर सब हैरान हो गए. इसी गाने ने उन्हें सालों पहले पॉपुलर बनाया था. ये गाना पहली बार साल 1981 की फिल्म ‘अरमान’ में देखा गया था. एक क्लासिक सॉन्ग है जिसे लोग आज भी पसंद करते हैं. इसे हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के लिए एक नए वर्जन में तैयार किया है. सोशल मीडिया पर बॉलीवुड एक्ट्रेस कल्पना अय्यर का ये डांस वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
हाल ही में कल्पना अय्यर ने ‘इंडिया टुडे’ से बातचीत कर बताया कि वो कमबैक करना चाहती हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी, इसके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की थी. वो कहती हैं, ‘मैं अपने दोस्त के बेटे की शादी में गई थी. डांस एकदम अचानक हुआ. मैंने ऐसे ही उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. कुछ ही घंटे में वो हर जगह वायरल हो गया. मैं हैरान हूं, लेकिन इतना प्यार देने के लिए आभारी भी हूं.’
कल्पना अय्यर ने स्टेज पर बांध दिया समा
बता दें कि ‘रंभा हो’ गाना रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ में बजा था, जिसके बाद ये ट्रेंड में आ गया. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने आदित्य धर की ये फिल्म नहीं देखी है. उन्हें कहा, ‘कई लोगों ने मुझे इसके बारे में बताया. ‘धुरंधर’ देखने वाले दोस्तों ने क्लिप भेजी और कहा कि देखिए आपका गाना बज रहा है.’ दिग्गज एक्ट्रेस ने इस गाने को फिर से फेमस बनाने के लिए आदित्य धर का शुक्रिया अदा किया. कल्पना ने कहा कि ये पॉपुलैरिटी उनके लिए नए अवसर खोलेगी. उन्हें लगता है कि भगवान उनके लिए सबकुछ बदल देंगे. उन्हें उम्मीद है कि उम्र के इस पड़ाव पर आकर अब एक नई शुरुआत होगी.
27 साल पहले पर्दे पर आई थीं नजर
आखिरी बार कल्पना ने ‘हम साथ साथ हैं’ (1999) फिल्म में वैंप का रोल निभाया था. इसके बाद उन्हें ऑफर मिलना लगभग बंद हो गए. उन्होंने कहा कि वो चाहती हैं कि उन्हें भी मौका दिया जाए. वो काम करने के लिए तैयार हैं. वो बोलीं, ‘मैंने कभी नहीं कहा कि मैं काम नहीं कहना चाहती हूं. बस उम्र के हिसाब से रोल मांगे हैं. जिंदगी के इस पड़ाव पर मुझे नहीं लगता कि शॉर्ट्स अच्छा लगेगा. बड़े रोल नहीं चाहिए, लेकिन उम्र के हिसाब से ऑफर चाहिए. उस हिसाब से 1 मिनट का भी रोल होगा तो मना नहीं करूंगी.’
