News in Brief

महाराष्ट्र की पॉलिटिक्स में चौंकाने वाला गठबंधन हुआ है. हां, इस गठबंधन पॉलिटिक्स को देखकर आप यही कहेंगे कि राजनीति में कब, क्या हो जाएगा, कोई अनुमान भी नहीं लगा सकता. महाराष्ट्र के अकोला जिले की अकोट नगर पालिका का चुनाव पूरे देश में चर्चा में है. अकोट चुनाव में मेयर पद पर भाजपा का उम्मीदवार जीता और कुल 11 भाजपा के नगरसेवक चुने गए. हालांकि आगे जो हुआ वो किसी ने सोचा नहीं था. 

BJP की कट्टर विरोधी पार्टी मानी जाने वाली ओवैसी की पार्टी AIMIM के पांच उम्मीदवार इस चुनाव में जीते थे. चुनाव में भाजपा और ओवैसी की पार्टी ने एक दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार खड़े किए थे. हालांकि नतीजों के बाद दोनों पार्टियां एक साथ आ गईं. जी हां, अकोट नगर परिषद में मिलकर सरकार बना ली गई. भाजपा और MIM का यह गठबंधन लोगों को चौंका रहा है. 

मेयर तो जीता पर मुश्किल बड़ी थी?

Add Zee News as a Preferred Source

भाजपा की माया धुले ने अकोट में मेयर पद जीता. हालांकि 35 सदस्यों वाली नगर पालिका में भाजपा को बहुमत नहीं मिला. अकोट में 35 में से 33 सीटों के लिए चुनाव हुए थे. इसमें भाजपा को 11 सीटें ही मिलीं.

भाजपा ने निकाला समाधान

इसके बाद भाजपा ने अकोट नगर पालिका में अपनी अगुआई में ‘अकोट विकास मंच’ बना लिया. इस अकोट विकास मंच में भाजपा के बाद सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली AIMIM, भाजपा की सहयोगी बन गई. इसके अलावा ठाकरे की शिवसेना, शिंदे की शिवसेना, अजित पवार की पार्टी, शरद पवार की पार्टी और बच्चू कडू की प्रहार जनशक्ति पार्टी इस गठबंधन के नीचे आ गई. नए गठबंधन को फौरन अकोला डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के पास रजिस्टर करा दिया गया.

अब आगे का प्लान

भाजपा के कॉर्पोरेटर रवि ठाकुर नए बने गठबंधन के ग्रुप लीडर होंगे. इस अलायंस के सभी कॉर्पोरेटर्स को अब भाजपा का ‘व्हिप’ मानना ​​होगा. यह गठबंधन 13 जनवरी को होने वाले डिप्टी मेयर और सदस्यों के चुनाव में साथ मिलकर वोट करेगा. 33 सदस्यों में से इसके अब 25 सदस्य हो गए हैं. मेयर माया धुले 26वीं सदस्य हैं. अकोट नगर पालिका में कांग्रेस के 6 और वंचित के 2 सदस्य विपक्षी पार्टी में होंगे. 

अकोट नगर पालिका मेयर चुनाव में ओवैसी की पार्टी के उम्मीदवार सिकंदर राणा को माया धुले ने 5271 वोटों से हराया. भाजपा के बाद अकोट नगर पालिका में MIM के सबसे ज्यादा 5 कॉर्पोरेटर जीते हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि विधानसभा में ‘बटेंगे तो कटेंगे’ का नारा लगाने वाली भाजपा अकोट में AIMIM के साथ सीधे गठबंधन कर विपक्ष को जवाब कैसे देती है.