ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के दावों और झूठे प्रचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को सम्मानित करने का ऐलान किया गया है. 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्नल सोफिया को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा. मई महीने में पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी ने भारतीय सेना की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिम्मेदारी संभाली थी. इन प्रेस ब्रीफिंग्स में उन्होंने तथ्यों और सबूतों के साथ पाकिस्तान के दुष्प्रचार की पोल खोली और भारत का पक्ष मजबूती से रखा था.
इस दौरान विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई और ऑपरेशन से जुड़ी जानकारियां साझा कर पाकिस्तान के झूठे आरोपों को उजागर किया. दोनों महिला अधिकारियों की पेशेवर और प्रभावी भूमिका की देश-विदेश में सराहना हुई है. अप्रैल महीने में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक भीषण आतंकवादी हमला किया था. इस हमले में 26 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी. आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर गोलियां चलाई थीं, जिससे देशभर में गुस्सा और आक्रोश फैल गया था.
यह भी पढ़ेंः Opinion: पैसे ऐंठे, पति और बेटे की हत्या…जब SC/ST एक्ट को बनाया पैसे छपाने की मशीन
