गणतंत्र दिवस परेड को लेकर हम बचपन से देश का उत्साह देखते हुए आए हैं. 26 जनवरी की सुबह देश की राजधानी दिल्ली की जहां गणतंत्र दिवस की परेड को लेकर फिजा बदली रहती है तो वहीं पूरे देश में भी लोग टीवी पर ये परेड और झांकियां देखने के लिए तैयार बैठे रहते हैं. सोमवार को देश 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है. ऐसे में एक बार फिर देश गणतंत्र दिवस की परेड और झांकियों से अपना शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी कर चुका है. गणतंत्र दिवस के दिन निकलने वाली ये झांकियां आखिर कहां पर खत्म होती है? और इन झांकियों का क्या होता है. ये एक ऐसा सवाल है जो हर किसी के जेहन में कौंधता रहता है. आज हम आपको बताते हैं कि गणतंत्र दिवस परेड कहां खत्म होती है और फिर इन झांकियों का क्या होता है.
भारत अपने 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर एक भव्य मिलिट्री परेड के साथ मनाने जा रहा है. इस बार देश गणतंत्र दिवस परेड में अपनी सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और तकनीकी प्रगति का प्रदर्शन करेगा. ये परेड रायसीना हिल्स से शुरू होगी और कर्तव्य पथ से निकलते हुए इंडिया गेट से के बाद लाल किले तक अपना सफर पूरा करेगी. इस कार्यक्रम का मकसद सिर्फ देश की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन होता है. इसके अलावा इस कार्यक्रम से देश की जनता में देशभक्ति के भाव को बढ़ावा देना भी होता है.
इस बार परेड में शामिल होंगी 30 झांकियां
सोमवार को एक बार फिर देश गणतंत्र दिवस के मौके पर इस परेड का साक्षी बनेगा. इस बार परेड में विभिन्न राज्यों की कुल 30 झांकियां दिखाई देंगी. मशहूर कमेंट्रेटर जसदेव सिंह ने लगभग 5 दशकों तक रेडियो और टीवी पर गणतंत्र दिवस परेड का आंखों देखा हाल सुनाया है. जसदेव सिंह के मुताबिक रायसीना हिल्स से निकलने वाली इन झांकियों का कर्तव्य पथ और इंडिया गेट पर हर्षध्वनि से स्वागत करते हैं. इस दौरान जवान मिलिट्री बैंड, के साथ हथियारों टैंकों के अलावा फाइटर प्लेन की झांकियां भी होती हैं. इस बार भी हम झांकियों के माध्यम से भारत की बढ़ती शक्ति को देखेंगे. साल 1950 में जब देश का पहला गणतंत्र दिवस मनाया गया था तब पहली बार परेड हुई थी लेकिन इस परेड में राज्यों की झांकियां शामिल नहीं थीं. साल 1953 में पहली बार राज्यों की झांकियों को भी परेड में शामिल किया गया.
परेड के बाद क्या होता है झांकियों का?
जब तक परेड सड़कों पर होती है इसका नजारा बहुत ही खूबसूरत होता है लेकिन हर किसी के मन में ये जिज्ञासा होती है कि ये झांकिया जब अपने गंतव्य तक पहुंच जाती हैं तब इनका क्या होता है. दरअसल ये परेड अंग्रेजों के जमाने से चलती आ रही है. इस परेड को निकालने के पीछे मकसद देश की ताकत का प्रदर्शन, सेना का अनुशासन और यूनिटी का प्रदर्शन होता है. अंग्रेजों के समय से चली आ रही परेड की ये परंपरा आजादी के बाद भी जारी रही. अब रायसीना हिल्स से निकलकर ये झांकियां कर्तव्य पथ पर होते हुए इंडिया गेट से निकलकर लाल किले तक पहुंचती है और वहां पर रक्षा मंत्रालय इन झांकियों के प्रदर्शन का चुनाव कर उन्हें सम्मान देकर पुरस्कृत करते हैं. कुछ दिनों के बाद ये अपने राज्यों को वापस भेज दी जाती हैं.
यह भी पढ़ेंः 1950 में कैसे मनाया गया था पहला गणतंत्र दिवस, कितना आया था खर्च? देखें तस्वीरें
