News in Brief

Asaduddin Owaisi: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने छात्र कार्यकर्ताओं उमर खालिद और शरजील इमाम के लंबे समय तक जेल में रहने के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है. यह बयान सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़े षड्यंत्र मामले में दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज किए जाने के बाद आया है. बता दें, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करते हुए अपने आदेश में इसके कारण भी स्पष्ट किए थे. अदालत ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत लगाए गए आरोपों का हवाला दिया था.

 खालिद और इमाम की हालत के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: ओवैसी 

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि खालिद और इमाम की मौजूदा स्थिति के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस जिम्मेदार है क्योंकि इसी पार्टी ने यूएपीए के कड़े प्रावधानों को और सख्त किया था. उन्होंने कहा कि जब पी. चिदंबरम केंद्रीय गृह मंत्री थे तब यूएपीए में ऐसे संशोधन किए गए जिनके चलते वर्षों बाद भी विचाराधीन कैदियों को लंबी अवधि तक जेल में रहना पड़ रहा है. ओवैसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दो विचाराधीन आरोपियों को जमानत नहीं दी और इसका कारण भी बताया. यूपीए सरकार के दौरान यूएपीए में आतंकवाद की परिभाषा जोड़ी गई थी. उसी कानून के आधार पर आज इन युवकों को साढ़े पांच साल से जमानत नहीं मिल रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

ये भी पढ़ें: पुणे में पवार बनाम पवार नहीं, पवार+पवार! एक ही मंच से जारी किया घोषणा पत्र, क्या किए वादे?

एआईएमआईएम प्रमुख ने लोकसभा में दिए अपने पुराने भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 2007-2008 में ही यूएपीए के कुछ प्रावधानों को व्यक्तिपरक बताया था. ओवैसी ने कहा कि कानून की धारा 15 में किसी अन्य माध्यम से जैसे शब्दों का इस्तेमाल बेहद व्यापक और अस्पष्ट है जिसका दुरुपयोग किसी के खिलाफ भी किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि आज उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत न मिलने का आधार वही प्रावधान हैं, जिन पर उन्होंने वर्षों पहले सवाल उठाए थे.

ओवैसी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या आजादी के बाद कांग्रेस का कोई नेता कभी एक दो या साढ़े पांच साल तक जेल में रहा है. गौरतलब है कि इसी मामले में गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद सहित 5 अन्य आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है.