News in Brief

नसीमुद्दीन सिद्दीकी, शकील अहमद ने कांग्रेस छोड़ी, शशि थरूर अंदर से नाराज लग रहे हैं, राशिद अल्वी भी समस्या बता रहे हैं, तारिक अनवर डैमेज कंट्रोल कर रहे हैं… कांग्रेस के मुस्लिम चेहरे क्यों अचानक नाराज होते जा रहे हैं? कांग्रेस से इस्तीफा देते ही शकील अहमद को डर भी लगने लगा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बिहार कांग्रेस/युवा कांग्रेस को यह आदेश दिया है कि पुतला दहन के बहाने मेरे घर पर आक्रमण किया जाए. यह जनतंत्र के सिद्धांत के खिलाफ है. दरअसल, जब से राहुल गांधी को ‘डरपोक’ कहते हुए शकील ने कांग्रेस छोड़ी है, जमीन पर पड़े सवाल फिर से खड़े हो गए हैं. भाजपा के नेता तूफानी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. शहजाद पूनावाला ने कहा कि जो शकील जी ने कहा है, मैं उसका भुक्तभोगी हूं. कांग्रेस पार्टी डिसेंट (असहमति) को बर्दाश्त नहीं कर पाती है. प्रथम परिवार के खिलाफ बोलेंगे तो शशि थरूर, शकील अहमद और शहजाद पूनावाला जैसा हाल होता है. दरअसल, शकील की सीधे तौर पर नाराजगी राहुल गांधी से है. राहुल घिरे तो राशिद अल्वी ने उन्हें देश की जरूरत बताया. तारिक अनवर आगे आकर बोले कि अगर किसी मुस्लिम नेता को लगता है कि अनदेखी हो रही है तो वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करे. लेकिन कैसे क्योंकि शकील तो कहते हैं कि राहुल का रवैया सोनिया से बिल्कुल अलग है. 

ऐसे में जनता के मन में सवाल है कि मुस्लिम तो कांग्रेस के साथ रहे हैं फिर मुस्लिम नेता दूर क्यों होते जा रह हैं? कांग्रेस नेता राशिद अल्वी की बात कांग्रेस के अंदर तूफान मचा सकती है. उन्होंने खुलकर कहा है कि पार्टी के भीतर टॉप लीडरशिप तक सीमित पहुंच है और संवाद का प्रभावी प्लेटफॉर्म नहीं है. समाचार एजेंसी एएनआई से अल्वी ने साफ कह दिया कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या एक फोरम का न होना है जहां नेता खुलकर मसलों पर चर्चा कर सकें. इस वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए हाईकमान से मिलना मुश्किल हो जाता है. इसका परिणाम यह होता है कि कम्युनिकेशन गैप बढ़ जाता है. 

शशि थरूर की नाराजगी के बीच शकील का इस्तीफा हुआ है. उन्होंने विस्तार से राहुल और सोनिया के समय का अंतर बताया है. शकील अहमद ने एक और खुलासा कर दिया कि कैसे कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में एकतरफा माहौल बनाने की कोशिश की गई थी. हां, उन्होंने कहा कि मैं थरूर जी को वोट करना चाहता था लेकिन जब मैंने देखा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी जी के जितने लोग हैं, सब खरगे साहब के लिए वोट मांग रहे हैं तो मैंने न चाहते हुए भी खरगे साहब को वोट किया क्योंकि मैं वोट बर्बाद नहीं करना चाहता था. 

Add Zee News as a Preferred Source

सोनिया गांधी का प्लस प्वाइंट

शकील अहमद ने कहा कि मैं सोनिया गांधी का मैं इतना बड़ा प्रशंसक हूं कि उन्होंने राजीव गांधी जी की कांग्रेस, नरसिम्हा राव जी की कांग्रेस, सीताराम केसरी जी की कांग्रेस, सबका समावेश अपनी कांग्रेस में धीरे-धीरे कर लिया. राहुल गांधी जी बदकिस्मती से सोनिया गांधी की कांग्रेस को भी अपने साथ नहीं ला सके. बेसिक अंतर यही है. सोनिया गांधी अगर दिल्ली में होती थी, कोई मीटिंग या संसद नहीं होती थी तो वह रोज दिन में 10 से दोपहर 1-2 बजे तक कांग्रेस के देशभर के नेताओं से मिलती थीं. उससे होता ये था कि उनको पूरी सूचना होती थी, एक प्लेटफॉर्म मिला हुआ था.

वह कहते हैं कि हम लोग कोई बड़े नेता नहीं थे. एक स्टेट के प्रेसिडेंट थे. एक मंत्री थे लेकिन वह चूंकि लोगों से मिलती थीं तो उनसे हमारे समर्थक और विरोधी दोनों तरह के लोग उनसे मिलते थे. सोनिया गांधी ने कम से कम 2-3 बार मुझसे पूछा था कि शकील इस मामले में तुमने क्या बयान दे दिया था. शकील तुम्हारे बारे फला आदमी से सुना कि उनसे बड़ी दोस्ती है. जब कांग्रेस प्रेसिडेंट को छोटे नेता के बारे में पूरी जानकारी थी, क्योंकि वह खुलकर सबसे मिलती थीं. हैसियत के हिसाब से वह आज, कल, परसों में मिलती थीं.