News in Brief

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर अभियान में एक और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने आत्महत्या कर ली है. बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक BLO का शव स्कूल के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया. पश्चिम बंगाल में BLO की आत्महत्या कोई नया मामला नहीं है. जब से चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू की है तब से ये सिलसिला बन गया है. इसको मिलाकर अब तक पश्चिम बंगाल कुल 8 BLO आत्महत्या कर चुके हैं. मृतक BLO की पहचान 47 वर्षीय हमीमुल इस्लाम के रूप में हुई है.

रानीतला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि हमीमुल इस्लाम पैकमरी चार कृष्णपुर बॉयज प्राइमरी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे. इसके साथ ही वे खारिबोना ग्राम पंचायत के अंतर्गत पुरबा अलापुर गांव के एक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल ऑफिसर के रूप में भी तैनात थे. परिजनों के अनुसार, हमीमुल इस्लाम शनिवार सुबह रोज़ की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटे. जब देर तक कोई संपर्क नहीं हो पाया तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. शनिवार रात को विद्यालय परिसर के एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला.

परिवार ने लगाया काम के दबाव का आरोप
मृतक के परिवार का सीधा आरोप है कि एसआईआर से जुड़े अत्यधिक कार्यभार और शिक्षण कार्य के साथ बीएलओ की दोहरी जिम्मेदारियों ने उन्हें मानसिक रूप से बुरी तरह परेशान कर दिया था. परिजनों का कहना है कि इसी दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक और बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की दोहरी जिम्मेदारियों के कारण हमीमुल पर अत्यधिक कार्यभार था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे.

Add Zee News as a Preferred Source

मानसिक दबाव के चलते की आत्महत्या?
परिजनों का कहना है कि बीते कुछ हफ्तों से एसआईआर से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने का दबाव अचानक काफी बढ़ गया था. इस अतिरिक्त जिम्मेदारी ने हमीमुल की मानसिक स्थिति को और बिगाड़ दिया. मृतक के बड़े भाई फरमान-उल-कलाम ने आरोप लगाया कि एसआईआर से संबंधित कर्तव्यों का दबाव उनके भाई की क्षमता से कहीं अधिक था. उनका कहना है कि अत्यधिक तनाव और मानसिक दबाव के चलते ही हमीमुल ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ेंः ओवैसी का ख्वाब, BJP का जवाब,’हिजाब वाली PM’ पर छिड़ी जुबानी जंग,उल्टा न पड़ जाए दांव