News in Brief

15 अगस्त को आजादी मिलने के बाद 26 जनवरी तक का समय देश में काफी उथल-पुथल भरा रहा. बंटवारे के चलते लाखों की संख्या में विस्थापन हो रहा था. लोग आने जाने में मारे जा रहे थे, दंगे हो रहे थे, गांधी जी इस आग को शांत कराने में जुटे थे. कांग्रेस ने हिंदुस्तान के अल्पसंख्यकों को ये भरोसा दिलाने की कोशिश की कि पार्टी अपनी क्षमता से उनकी पूरी हिफाजत करेगी और उन पर हमला होने की सूरत में उनके अधिकारों की रक्षा करेगी. हालांकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस विचार से इत्तेफाक नहीं रखता था. इसके संघचालक या संगठन प्रमुख एम.एस. गोलवलकर थे. वह एक धर्मनिरपेक्ष राज्य के सख्त खिलाफ थे, जो धर्म के आधार पर सबसे बराबरी की नीति अपनाता. 7 दिसंबर 1947 के दिन रविवार को आरएसएस ने दिल्ली के केंद्र में स्थित रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया. इस जनसभा में एम.एस. गोलवलकर मुख्य वक्ता थे. गोलवलकर ने जोर देकर कहा कि हम हिंदू समाज को मजबूत बनाना चाहते हैं. इस आदर्श को आगे रखकर संघ अपनी राह पर आगे चलेगा और किसी भी सत्ता या व्यक्तित्व से प्रभावित होकर अपनी राह नहीं बदलेगा.

गोलवलकर जिस सत्ता की तरफ इशारा कर रहे थे वो कांग्रेस पार्टी और भारत सरकार थी जबकि उसको संभावित रूप से रोक सकने वाले व्यक्तित्व थे जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी. शरणार्थियों का एक तबका नेहरू और गांधी का कटु विरोधी और संघ का समर्थक था. गांधीजी की सभा में शरणार्थियों ने हंगामा भी किया था, जिसमें कुरान की कुछ पंक्तियों के पढ़े जाने का विरोध किया गया था. उन लोगों ने गांधीजी के खिलाफ नारेबाजी भी की और कहा कि गांधीजी ने पाकिस्तान में रहने वाले और अभी भी यातना झेल रहे हिंदुओं के बारे में क्यों नहीं कुछ कहा.

जनवरी में फिर उपवास पर बैठे गांधी 

Add Zee News as a Preferred Source

डीजी तेंदुलकर लिखते हैं कि हकीकत तो यह थी कि गांधीजी पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यकों की तकलीफों को लेकर भी उतने ही चिंतित थे. वह पाकिस्तान जाने का भी विचार जरूर करते लेकिन वह किस मुंह से वहां जाते, जब दिल्ली के मुसलमानों को खुद हिंसा का सामना करना पड़ रहा था? मुसलमानों पर हो रहे हमलों में कोई कमी नहीं आ रही थी. गांधीजी ने फिर से उपवास करने का फैसला किया. उनका यह उपवास 13 जनवरी को शुरू हुआ और तीन अलग-अलग वर्ग के लोगों को संबोधित था. 

– इसमें पहला वर्ग भारत की आम जनता थी. उन्होंने लोगों से कहा कि अगर वे वाकई ‌द्विराष्ट्रवाद के सिद्धांत में यकीन नहीं रखते हैं, तो इसे उन्हें अपनी चुनी हुई राजधानी दिल्ली में करके दिखाना होगा. उन्हें ये दिखाना होगा कि हिंदू और मुसलमान यहां एक साथ भाईचारे और अमन के माहौल में रह सकते हैं. 
– उनके संदेश का दूसरा लक्ष्य पाकिस्तान की सरकार थी. उन्होंने उनसे पूछा कि अपने उपवास के बावजूद मैं कब तक यहां के हिंदुओं और सिखों को संयम में रहने के लिए कहूंगा. पाकिस्तान को अपने यहां चल रही हिंसा पर काबू पाना ही होगा (कि वे अपना यहां से अल्पसंख्यकों को न निकालें). 
– गांधीजी के उपवास का अंतिम लक्ष्य भारत सरकार थी. भारत सरकार ने पाकिस्तान का ‘स्टर्लिंग बैलेंस’ रोक रखा था. यह एक ऐसी रकम थी जिसे ब्रिटिश सरकार द्वारा द्वितीय विश्वयुद्ध में भारत के योगदान की एवज में दोनों देशों को अदा किया जाना था. कुल मिलाकर यह 55 करोड़ की रकम थी. 

पाक को रकम नहीं देना चाहती थी भारत सरकार

भारत सरकार पाकिस्तान द्वारा हाल ही में कश्मीर पर कब्जा किए जाने की कोशिशों को लेकर नाराज थी और यह रकम नहीं देना चाहती थी. गांधीजी ने इसे एक गैर जरूरी कदम समझा और आखिरकार वह अपना उपवास खत्म करने पर तभी राजी हुए जब भारत सरकार ने पाकिस्तान को पैसा देना स्वीकार कर लिया. 15 जनवरी की रात को भारत सरकार ने पाकिस्तान को पैसा जारी करने का फैसला कर लिया. अगले दिन एक हजार से ज्यादा शरणार्थियों ने एक घोषणापत्र पर दस्तखत किया जिसमें कहा गया कि वे दिल्ली से विस्थापित मुसलमानों की घर वापसी का स्वागत करेंगे लेकिन गांधीजी चाहते थे ज्यादा बड़े आधिकारिक स्तर पर ये आश्वासन दिया जाए.

बापू की किडनी ने काम करना बंद कर दिया

इस बीच उनका स्वास्थ्य तेजी से बिगड़ने लगा. उनकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया था, उनका वजन कम हो रहा था और उन्हें उल्टी और सिरदर्द की शिकायत रहने लगी थी. डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य के प्रति चेतावनी जाहिर करते हुए कहा, ‘ये हमारा कर्तव्य है कि हम लोगों से कहें कि उनके उपवास को खत्म करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं.’

17 जनवरी को संविधान सभा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक केंद्रीय शांति समिति का गठन किया गया. इसके सदस्यों में कांग्रेस पार्टी, आरएसएस, जमायत-उल-उलेमा और सिख संगठनों के नेता शामिल थे. 18 जनवरी की सुबह को वे सब गांधीजी के पास एक संयुक्त घोषणापत्र तैयार कर ले गए, जिसके बाद महात्मा ने अपना उपवास खत्म कर दिया. घोषणापत्र में कहा गया कि ‘हम मुसलमानों की आस्था, संपत्ति और उनके जीवन की रक्षा करेंगे और दिल्ली में जो कुछ भी हुआ है वह आगे से नहीं होगा. fallback

गांधी पर बम फेंका गया

लोग सोच रहे थे कि क्या कलकत्ता में जो चमत्कार हुआ था, वह दिल्ली में भी दोहराया जाएगा? कट्टरपंथी संगठनों के नेता गांधीजी के उपवास से अनुशासित लग रहे थे लेकिन उनके समर्थक गुस्से से उबल रहे थे. दिल्ली की अपनी पिछली यात्रा में गांधीजी मेहतरों की बस्तियों में रहे थे. हालांकि इस बार उन्हें उनके करोड़पति शिष्य घनश्यामदास बिड़ला के घर में ठहराया गया था. जब गांधीजी उपवास पर थे, तब भी शरणार्थियों के गिरोह बिड़ला भवन के पास से नारा लगाते गुजरते- गांधी को मरने दो. 20 जनवरी को मदनलाल नाम के एक पंजाबी शरणार्थी ने गांधीजी पर बम फेंका, जब वह प्रार्थना सभा को संबोधित कर रहे थे. हालांकि यह बम उनसे कुछ दूर जाकर फटा और सौभाग्य से कोई भी जख्मी नहीं हुआ. 

इन हमलों के प्रति गांधीजी को कोई चिंता नहीं थी. उन्होंने लोगों से और गुस्साए हुए शरणार्थियों से मिलना-जुलना बंद नहीं किया. 26 जनवरी को प्रार्थना सभा में उन्होंने याद किया कि कैसे अतीत में इस दिन को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया गया था. उन्होंने कहा कि अब आजादी तो मिल गई है लेकिन इसके शुरुआती कुछ महीने काफी निराशाजनक रहे हैं. हालांकि उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि ‘बुरा दौर बीत चुका है और हिंदुस्तान के लोग साथ मिलकर सभी वर्गों और मतों को मानने वालों की समानता के लिए काम करेंगे.’ 

भारत में कभी अल्पसंख्यकों पर अत्याचार नहीं होगा

उन्होंने यह भी उम्मीद जाहिर की कि देश में कभी भी बहुसंख्यक वर्ग का वर्चस्व अल्पसंख्यकों के ऊपर नहीं होने दिया जाएगा, चाहे वे संख्या और प्रभाव में कितने ही कम क्यों न हों. उन्होंने खुद ये भी विश्वास जाहिर किया कि ‘भौगोलिक और राजनीतिक रूप से भले ही हिंदुस्तान का बंटवारा हो गया हो, लेकिन दिल से हम हमेशा दोस्त और भाई ही बने रहेंगे. हम एक-दूसरे की मदद और सम्मान करते रहेंगे, साथ ही हम बाहरी दुनिया के सामने हमेशा एक ही रहेंगे.’ एक आजाद और एकीकृत भारत के लिए गांधीजी ने ताजिंदगी संघर्ष किया लेकिन आखिर में बड़े निरपेक्ष ढंग से शांतचित्त भाव से उन्हें इसका बंटवारा भी देखना पड़ा लेकिन कई दूसरे लोग इससे खासे नाराज थे.

फिर 30 जनवरी का दिन आया

30 जनवरी 1948 की शाम प्रार्थना सभा के समय नाथूराम गोडसे ने बापू को गोली मार दी. उसे आत्मसमर्पण कर दिया. मुकदमा चला और उसे मौत की सजा सुनाई गई. सजा सुनाए जाने से पहले उसने अपने कृत्य को सही ठहराते हुए भाषण दिया. गोडसे ने दावा किया कि उसके गुस्से का मुख्य कारण ये था कि एक सिद्धांत के रूप में महात्मा लगातार मुसलमानों की बात कर रहे थे. मुसलमानों के समर्थन में किए गए उनके अंतिम उपवास ने ही आखिरकार मुझे इस नतीजे पर पहुंचाया कि महात्मा के वजूद को अब तुरंत खत्म कर देना चाहिए.

(रामचंद्र गुहा की किताब ‘भारत गांधी के बाद’ से साभार)