Kerala Governor vs Speaker: केरल के लोक भवन और वहां की सरकार के बीच एक नया विवाद खड़ा हो गया है. मामला तब शुरू हुआ जब विधानसभा स्पीकर एएन शमसीर ने दावा किया कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें भेजी गई एक गोपनीय चिट्ठी को पहले मीडिया में पहुंचा दिया. इसपर पलटवार करते हुए राज्यपाल ने साफ कहा है कि ये आरोप पूरी तरह गलत हैं. राजभवन के मुताबिक, उन्होंने मर्यादा का पालन किया है और स्पीकर को इस तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जवाब नहीं देना चाहिए था. इसके अलावा, मुख्यमंत्री द्वारा भाषण में बदलाव करने के आरोपों पर भी राजभवन ने अपनी स्थिति साफ की है.
चिट्ठी लीक होने की खबर
राजभवन ने बुधवार को एक बयान जारी कर स्पीकर एएन शमसीर की बातों का कड़ा विरोध किया है. राजभवन का कहना है कि जो चिट्ठी राज्यपाल ने स्पीकर को लिखी थी वह पूरी तरह गोपनीय थी. उसे सीधे उन्हीं के पास भेजा गया था. उन्हें ऐसी किसी खबर की जानकारी नहीं है जिसमें किसी मीडिया संस्थान ने उस चिट्ठी को छापा हो. राज्यपाल की टीम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस तरह से स्पीकर ने एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की चिट्ठी का जवाब प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर दिया, वह नियमों और मर्यादा के खिलाफ है. राजभवन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस तरह के संवेदनशील मामलों पर तथ्यों के आधार पर बात होगी न कि अंदाजों पर होगा.
भाषण को लेकर क्या था असली विवाद?
चिट्ठी के अलावा एक और बड़ी बहस राज्यपाल के उस भाषण पर हो रही है जो उन्होंने विधानसभा के सत्र में पढ़ा था. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आरोप लगाया था कि राज्यपाल ने उस भाषण में अपनी मर्जी से कुछ चीजें जोड़ दीं और कुछ हटा दीं, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दी थी. मुख्यमंत्री चाहते थे कि विधानसभा केवल उसी भाषण को सही माने जो कैबिनेट ने पास किया था.
राजभवन ने दी अपनी सफाई
इस विवाद पर सफाई देते हुए राजभवन ने बताया कि असल में हुआ क्या था. राजभवन के अनुसार राज्यपाल ने सरकार से केवल इतना कहा था कि भाषण के ड्राफ्ट से ‘आधी-अधूरी सच्चाइयों’ को हटा दिया जाए. इस पर सरकार ने खुद सहमति जताई थी और राज्यपाल से कहा था कि वे अपनी समझ के अनुसार जरूरी बदलाव करके भाषण पढ़ सकते हैं. सरकार ने यह भी भरोसा दिया था कि वे राज्यपाल के सुझावों को शामिल करके भाषण की नई कॉपी वापस भेज देंगे. राजभवन का कहना है कि उन्होंने हमेशा संवैधानिक नियमों और संस्था की गरिमा का सम्मान किया है.
यह भी पढ़ें: क्या बंगाल के मुसलमान हुमायूं कबीर के साथ जाएंगे? ममता बनर्जी के खिलाफ नया गठबंधन जन्म ले रहा
